Bihar Election 2025: मनीष कश्यप की जन सुराज में एंट्री, क्या 'नया बिहार' PK का मास्टरस्ट्रोक साबित होगा?
मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप 7 जुलाई को जन सुराज में होंगे शामिल। प्रशांत किशोर के साथ साझा की तस्वीर, संविधान भेंट कर जताया समर्थन।
बिहार की राजनीति में हलचल मचाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष कश्यप अब औपचारिक रूप से प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाले जन सुराज अभियान से जुड़ने जा रहे हैं।
बुधवार, 2 जुलाई 2025 को मनीष कश्यप ने अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इसकी घोषणा की। इस पोस्ट में उन्होंने प्रशांत किशोर के साथ तस्वीर साझा की और बताया कि 7 जुलाई को वे जन सुराज से आधिकारिक तौर पर जुड़ेंगे। उन्होंने प्रशांत किशोर को संविधान की प्रति भी भेंट की और उनके प्रयासों को बिहार के भविष्य के लिए अहम बताया।
मनीष कश्यप ने क्या कहा?
मनीष कश्यप ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, जन सुराज के सूत्रधार और बिहार का भविष्य संवारने की दृढ़ इच्छाशक्ति रखने वाले प्रशांत किशोर जी को आज मैंने भारतीय संविधान भेंट किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बिहार में संविधान की रक्षा और उसके मूल्यों की पुनः स्थापना तभी संभव है, जब बिहारी न केवल बिहार में, बल्कि देश-विदेश में भी सुरक्षित और सम्मानित होंगे। और इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रशांत किशोर जी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आगे लिखा, करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत प्रशांत किशोर जी के साथ चलकर नए बिहार के निर्माण में सहभागी बनने का मैंने निर्णय लिया है। अपने सभी समर्थकों और शुभचिंतकों से विचार-विमर्श के बाद यह घोषणा करता हूं कि 7 जुलाई को मैं औपचारिक रूप से जन सुराज से जुड़ रहा हूं। इस ऐतिहासिक दिन पर आप सभी शुभचिंतकों को बिहार के सबसे बड़े सभागार – बापू सभागार – में सादर आमंत्रित करता हूं। आइए, मिलकर जन सुराज के साथ नया बिहार बनाएं।
बीजेपी से क्यों हुए अलग?
मनीष कश्यप इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े हुए थे, लेकिन हाल ही में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में हुई एक घटना ने उन्हें झकझोर दिया। वहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, और उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय BJP नेतृत्व ने कोई साथ नहीं दिया। इसी उपेक्षा और असंतोष के चलते उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
अब जन सुराज से उम्मीदें
अब मनीष कश्यप जन सुराज आंदोलन से जुड़कर युवाओं को जागरूक करने और "नया बिहार" बनाने के मिशन में शामिल हो रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस नई भूमिका में क्या रणनीति अपनाते हैं और जन सुराज को जमीनी स्तर पर कितनी मजबूती प्रदान करते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




