कांग्रेस के 'B से बिहार, B से बीड़ी' वाले पोस्ट से गरमाई सियासत, JDU-BJP ने किया तीखा हमला

बिहार की राजनीति में कांग्रेस के B से बिहार, B से बीड़ी ट्वीट ने हंगामा मचा दिया है। BJP और JDU ने कांग्रेस पर बिहार का अपमान करने का आरोप लगाया, जबकि RJD ने GST को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। जानिए पूरा मामला।

कांग्रेस के 'B से बिहार, B से बीड़ी' वाले पोस्ट से गरमाई सियासत, JDU-BJP ने किया तीखा हमला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला

बिहार की राजनीति इन दिनों गरमाई हुई है। केरल कांग्रेस की ओर से किए गए एक ट्वीट ने सियासी हलचल मचा दी है। पार्टी ने अपने आधिकारिक X (Twitter) अकाउंट पर लिखा— B से बिहार, B से बीड़ी। इस तुलना ने न केवल सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया, बल्कि विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।

BJP का हमला: 'कांग्रेस ने फिर किया बिहार का अपमान'
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस लगातार सीमाएं पार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दी। अब बिहार की तुलना बीड़ी से करके पूरे राज्य का अपमान किया।

शहजाद पूनावाला ने सवाल उठाया कि क्या तेजस्वी यादव भी इस टिप्पणी का समर्थन करते हैं? और कहा कि कांग्रेस से लेकर डीएमके तक, बिहार के प्रति इनकी नफरत साफ झलकती है।

JDU का पलटवार: 'B से बुद्धि और बजट भी होता है'
जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कांग्रेस पर करारा पलटवार किया। उन्होंने लिखा, कांग्रेस की यह हरकत शर्मनाक है। B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस में नहीं है। B से बजट भी होता है, जिस पर बिहार को विशेष पैकेज मिलने पर कांग्रेस को मिर्ची लगती है।

संजय झा ने आगे कहा कि बिहार का मजाक उड़ाना, न केवल राज्यवासियों का अपमान है बल्कि लोकतंत्र का भी मजाक है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट की चोट से जवाब देगी।