बिहार बंद पर सियासी घमासान: लालू यादव का बीजेपी पर हमला, तेजस्वी ने PM मोदी को घेरा
बिहार बंद 2025 पर सियासी संग्राम छिड़ा। लालू यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, वहीं तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को झूठे वादों और बिहार के साथ धोखा करने के लिए घेरा। जानिए पूरा विवाद।
राजद (RJD) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को बिहार बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की महिलाओं, शिक्षिकाओं, छात्राओं और यहां तक कि गर्भवती महिलाओं तक के साथ दुर्व्यवहार किया।
लालू ने एक्स (Twitter) पर लिखा— क्या प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकर्ताओं को आदेश दिया था कि पूरे बिहार की माताओं-बहनों और बेटियों को गालियां दो? गुजराती लोग बिहारियों को हल्के में ना लें, यह बिहार है।
महिलाओं और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप
लालू यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 'मवाली' करार देते हुए कहा कि वे शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों तक को गालियां दे रहे हैं और उनके साथ हाथापाई कर रहे हैं। उन्होंने इसे "शर्मनाक" बताते हुए जनता से भाजपा के खिलाफ खड़े होने की अपील की।
तेजस्वी यादव का प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी बिहार की जनता से झूठे वादे करते हैं और यहां से वोट लेने के बाद गुजरात में उद्योग लगाते हैं।
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा— मोदी जी! बिहार अब आपके झूठे वादों में नहीं फंसेगा। इस बार मुद्दा गरीबी, बेरोजगारी, अपराध, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था है। आप बिहार से जीतते हैं और गुजरात में कारखाने लगाते हैं। बिहार के लोग सिर्फ मेहनत-मजदूरी के लिए पैदा नहीं हुए हैं।
विवाद की जड़– पीएम की दिवंगत मां पर टिप्पणी
दरअसल, हाल ही में महागठबंधन के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। इसी को लेकर एनडीए (NDA) ने बिहार बंद का आह्वान किया।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने दरभंगा में "मतदाता अधिकार यात्रा" के दौरान इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विपक्ष ने स्तरहीन राजनीति की है, जिसका जवाब जनता जरूर देगी।
बिहार की सियासत में गरमी और बढ़ी
बिहार बंद ने जहां राजनीतिक दलों के बीच टकराव को और गहरा कर दिया है, वहीं लालू-तेजस्वी की बयानबाज़ी ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित बना दिया है। आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और ज्यादा गरमाने के आसार हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




