बिहार विधानसभा में जबरदस्त हंगामा: वोटर लिस्ट पर भिड़े तेजस्वी और सम्राट; मार्शल बुलाने पड़े

बिहार विधानसभा में वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। काले कपड़ों में पहुंचे आरजेडी विधायकों ने कुर्सियां उठाईं, मार्शल बुलाने पड़े। तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

बिहार विधानसभा में जबरदस्त हंगामा: वोटर लिस्ट पर भिड़े तेजस्वी और सम्राट; मार्शल बुलाने पड़े
बिहार विधानसभा में हंगामा

बिहार विधानसभा का मंगलवार का सत्र जैसे अखाड़ा बन गया। विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी (RJD) के विधायक पहले से ही बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन (Voter List Revision) को लेकर आक्रोशित थे। विरोध दर्ज कराने के लिए सभी सदस्य काले कपड़ों में पहुंचे।

जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, आरजेडी विधायकों ने अपनी सीट छोड़कर वेल में आकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के इस हंगामे से स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने मार्शल बुलाने के आदेश दे दिए।

मार्शल के आते ही विपक्षी विधायकों ने और उग्र रुख अपना लिया। इस दौरान कुछ आरजेडी विधायकों को कुर्सियां उठाते और फेंकने की कोशिश करते देखा गया। दूसरी तरफ सत्ता पक्ष की ओर से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी अपनी सीट से खड़े होकर विपक्ष पर पलटवार करते नजर आए।

हंगामे की जड़ थे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के तीखे सवाल। उन्होंने विधानसभा से पहले चुनाव आयोग के बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन पर गंभीर सवाल उठाए और चेतावनी दी कि इस ‘छेड़छाड़’ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस सियासी टकराव से एक बार फिर बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष का आरोप है कि वोटर लिस्ट में जानबूझकर गड़बड़ी करवाई जा रही है ताकि सत्ता पक्ष को फायदा हो सके, जबकि सत्ता पक्ष इसे बेबुनियाद बता रहा है।