मिचेल स्टार्क का बड़ा फैसला: T20I से रिटायरमेंट, वनडे-टेस्ट पर फोकस, कप्तान मार्श रह गए हैरान
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने T20I क्रिकेट से रिटायरमेंट लेकर सबको चौंका दिया। कप्तान मार्श को भी इसकी जानकारी इंस्टाग्राम से मिली। अब स्टार्क का लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप और टेस्ट क्रिकेट है। जानें उनका पूरा प्लान।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने हाल ही में T20I क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। यह फैसला न केवल फैंस बल्कि टीम के कप्तान मिचेल मार्श के लिए भी चौंकाने वाला रहा। स्टार्क ने खुद बताया कि उन्होंने मार्श को पहले से नहीं बताया था, बल्कि कप्तान को यह खबर सोशल मीडिया के जरिए पता चली।
स्टार्क ने मुस्कुराते हुए कहा— मुझे शायद मार्श को फोन करना चाहिए था। उन्होंने मुझे मैसेज कर कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम से पता चला। इसके लिए मैं उनसे माफी मांगता हूं।
2021 वर्ल्ड कप की यादें और पत्नी एलिसा का तंज
स्टार्क उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे, जिसने 2021 में पहला T20I वर्ल्ड कप जीता था। हालांकि उन्होंने कहा कि घर में इस जीत को ज्यादा अहमियत नहीं मिलती क्योंकि उनकी पत्नी और ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर एलिसा हीली 6 बार महिला T20I वर्ल्ड कप जीत चुकी हैं। स्टार्क ने मजाक में बताया— एलिसा कहती हैं, बस एक ही है… शांत रहो।
अब लक्ष्य – तीसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीतना
स्टार्क ने साफ कहा कि अब उनका पूरा फोकस वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर होगा। उनका अगला बड़ा लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप है, जो साउथ अफ्रीका में खेला जाएगा।
स्टार्क 2015 और 2023 की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 2015 वर्ल्ड कप में उन्होंने 22 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता था। 2023 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने 16 विकेट चटकाए थे।
स्टार्क ने कहा— मैं 2027 में तीसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं। मुझे अब भी लगता है कि मैं वनडे टीम को बहुत कुछ दे सकता हूं।
टेस्ट क्रिकेट रहेगी प्राथमिकता
35 वर्षीय स्टार्क ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट हमेशा उनकी पहली पसंद रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने T20I छोड़ने का कारण उम्र और वर्कलोड मैनेजमेंट बताया।
महान वर्ल्ड कप गेंदबाज बनने की ओर
अगर स्टार्क 2027 वर्ल्ड कप तक खेलते रहे तो वह इतिहास के सबसे सफल वनडे वर्ल्ड कप गेंदबाज बन सकते हैं। फिलहाल ग्लेन मैक्ग्रा 71 विकेट के साथ नंबर वन पर हैं। मुथैया मुरलीधरन 68 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
स्टार्क अब तक तीन वर्ल्ड कप (2015, 2019, 2023) में खेलकर 65 विकेट ले चुके हैं। यानी मुरलीधरन से सिर्फ 3 विकेट पीछे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




