शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ की ठगी का आरोप, EOW ने जारी किया लुकआउट नोटिस

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर व्यापारी दीपक कोठारी ने 60 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। EOW ने FIR दर्ज कर ली है और अब दंपति के खिलाफ LOC जारी करने की तैयारी चल रही है। जानें पूरा मामला।

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ की ठगी का आरोप, EOW ने जारी किया लुकआउट नोटिस
Shilpa Shetty and Raj Kundra

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) और उनके पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दंपति के खिलाफ एक बड़े कारोबारी धोखाधड़ी मामले में FIR दर्ज की है। आरोप है कि दोनों ने एक बिजनेसमैन से करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। इस मामले में पुलिस ने उनकी विदेश यात्रा रोकने के लिए Look Out Circular (LOC) जारी कर दिया है।

व्यापारी ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप
यह मामला व्यापारी दीपक कोठारी से जुड़ा है। उनका कहना है कि साल 2015 से 2023 के बीच उन्होंने शिल्पा और राज कुंद्रा की कंपनी Best Deal TV Pvt. Ltd. में 60.48 करोड़ रुपये का निवेश किया। कंपनी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाती थी और निवेश का दावा बिजनेस एक्सपेंशन के लिए किया गया था।

कोठारी का आरोप है कि उनकी रकम को व्यक्तिगत खर्चों में इस्तेमाल किया गया और कंपनी ने उन्हें धोखे में रखा।

शिल्पा शेट्टी ने दी थी पर्सनल गारंटी
शिकायतकर्ता के अनुसार, अप्रैल 2016 में शिल्पा शेट्टी ने स्वयं लिखित रूप में यह आश्वासन दिया था कि पैसा वापस कर दिया जाएगा। मगर बाद में उन्होंने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया और कंपनी को दिवालिया घोषित कर दिया गया। कोठारी का कहना है कि उन्हें इस फैसले की जानकारी तक नहीं दी गई।

9 साल तक टालते रहे भुगतान
कोठारी ने जब अपनी रकम की मांग की तो उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा। पूरे 9 साल बाद भी पैसा वापस नहीं मिला। इसी शिकायत के आधार पर EOW ने IPC की धारा 403 (अमानत में खयानत), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 34 (साझी साजिश) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

लुकआउट नोटिस से बढ़ीं मुश्किलें
जांच एजेंसी ने अब शिल्पा और राज कुंद्रा के ट्रैवल रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। EOW ने एहतियातन लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है, जिससे कपल अब विदेश यात्रा नहीं कर पाएंगे। इस कदम के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।