मुंबई में आतंकी साजिश? 400 किलो RDX और 34 ह्यूमन बम की धमकी से हड़कंप
मुंबई पुलिस को एक बड़ा धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें दावा किया गया कि शहर में 34 ह्यूमन बम और 400 किलो आरडीएक्स से धमाके होंगे। पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी है। जानें पूरी रिपोर्ट।
मुंबई में एक बार फिर से दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के ऑफिशियल व्हाट्सएप अकाउंट पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि शहर में 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाए गए हैं और करीब 400 किलो आरडीएक्स से बड़े धमाके किए जाएंगे। इस संदेश में खुद को ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के संगठन से जोड़ने का दावा किया गया और कहा गया कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं।
मुंबई पुलिस ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लिया है और पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक धमकी की हर एंगल से जांच की जा रही है।
फर्जी धमकियों का बढ़ता चलन
हाल के वर्षों में मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में इस तरह की धमकियों का सिलसिला बढ़ा है।
- मई 2025: महाराष्ट्र सचिवालय को धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें 48 घंटे के भीतर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। जांच में यह फर्जी निकला।
- मई 2025: मुंबई एयरपोर्ट और ताजमहल पैलेस होटल को बम धमाके की धमकी मिली थी, जिसमें 2001 के संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी को "अन्यायपूर्ण" बताते हुए हमले का हवाला दिया गया था।
- 2024: दिल्ली और मुंबई के स्कूलों व विमानों को उड़ाने की 1000 से ज्यादा धमकियां मिलीं, जो जांच के बाद फर्जी साबित हुईं। कई मामलों में पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार भी किया।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
इस बार भी पुलिस ने इसे हल्के में नहीं लिया है। शहर के संवेदनशील इलाकों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस का कहना है कि चाहे धमकी फर्जी निकले, लेकिन इसे गंभीरता से लेना जरूरी है क्योंकि मुंबई पहले भी 1993 और 2008 जैसे भयानक आतंकी हमलों का सामना कर चुका है।


आँखें न्यूज़ 24 




