कोविड के मामले फिर से बढ़े, ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट्स ने बढ़ाई परेशानी; गाइडलाइन जारी

भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामलों में तेज़ी से वृद्धि, दिल्ली में पहली कोविड मौत दर्ज। ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट LF.7, XFG, JN.1, NB.1.8.1 के कारण बढ़ता संक्रमण, स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन जरूरी। जानें पूरी खबर और नए अपडेट।

कोविड के मामले फिर से बढ़े, ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट्स ने बढ़ाई परेशानी; गाइडलाइन जारी
प्रतीकात्मक तस्वीर

भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। देश में कोविड-19 के एक्टिव मामले बढ़कर 3395 हो गए हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 685 नए मामले सामने आए हैं, जो शनिवार के 511 मामलों से काफी अधिक हैं।

दिल्ली में कोविड-19 से पहली मौत, राजधानी में 19 मरीज अस्पताल में भर्ती
दिल्ली में कोविड-19 से पहली मौत दर्ज हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक 60 वर्षीय महिला पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी में इस समय 19 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, और सरकार पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने बताया कि वर्तमान उछाल ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट्स LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 के कारण है, जो अब तक हल्के लक्षण दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।

उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, केरल समेत 8 राज्यों में सक्रिय मामलों की चिंता
उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, केरल समेत आठ राज्यों में 100 से ज्यादा सक्रिय कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक में भी संक्रमण बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सुरक्षा गाइडलाइन
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने जनता से अनुरोध किया है कि वे किसी भी स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि सरकारी निर्देशों का पालन करें और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सहयोग करें।