दिल्ली BMW हादसा: महिला ड्राइवर गगनप्रीत की गिरफ्तार, व्हीलचेयर पर आईं नजर; IAS अफसर की हुई थी मौत
दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास हुए BMW एक्सीडेंट में बड़ा खुलासा हुआ है। कार चला रही महिला गगनप्रीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस हादसे में वित्त मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद उन्हें पास के अस्पताल की बजाय 22 किलोमीटर दूर ले जाने पर सवाल उठ रहे हैं। कैब ड्राइवर गुलफाम ने इस मामले में अहम गवाही दी है। पढ़ें पूरा मामला विस्तार से।
दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास हुए दर्दनाक BMW एक्सीडेंट मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने कार चला रही महिला गगनप्रीत को अस्पताल में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस उन्हें अस्पताल से ले जा रही थी, तब वे व्हीलचेयर पर बैठी हुई थीं।
हादसे में IAS अधिकारी की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
यह हादसा उस वक्त हुआ जब BMW कार तेज रफ्तार से बाइक सवार दंपति को टक्कर मारती है। इस एक्सीडेंट में बाइक चला रहे नवजोत सिंह, जो वित्त मंत्रालय (Ministry of Finance) में आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव (Deputy Secretary) थे, की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जाता है कि दोनों बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे।
टक्कर के बाद कार पलटी, बाइक डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त गगनप्रीत BMW चला रही थीं, जबकि उनका पति पैसेंजर सीट पर था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और बाइक डिवाइडर के पास क्षतिग्रस्त हालत में मिली। गगनप्रीत और उनके पति को भी चोट आई। हादसे के बाद, गगनप्रीत ने नवजोत और उनकी पत्नी को लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।
बेटे ने उठाए सवाल: पास के अस्पताल की बजाय दूर क्यों ले जाया गया?
नवजोत सिंह के बेटे ने पुलिस को बयान देते हुए सवाल उठाया— मेरे माता-पिता बंगला साहिब गुरुद्वारा से लौट रहे थे। हादसे के बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाने की बजाय लगभग 22 किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाया गया। मेरी मां ने हेलमेट पहना हुआ था, फिर भी उनके सिर में चोट आई और जांघ की हड्डी टूट गई।
कैब ड्राइवर गुलफाम बने चश्मदीद गवाह
इस हादसे में कैब ड्राइवर गुलफाम एक अहम गवाह बनकर सामने आए। उन्होंने बताया— मैं धौला कुआं से आ रहा था। तभी देखा कि सड़क पर अफरा-तफरी मची हुई है। कुछ लोग घायल हालत में पड़े थे। मैंने तुरंत गाड़ी रोकी और मदद करने पहुंचा। घायल दंपति को मैंने अपनी कैब में बैठाया। उस समय गगनप्रीत फोन पर किसी से बात कर रही थीं और मुझे आजादपुर की ओर चलने को कहा। लेकिन किस अस्पताल जाना है, इस बारे में उन्होंने मुझसे कुछ नहीं बताया।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने BMW कार को जब्त कर लिया है और गगनप्रीत से पूछताछ जारी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर घायलों को पास के अस्पताल की बजाय इतनी दूर क्यों ले जाया गया।


आँखें न्यूज़ 24 




