शारदा यूनिवर्सिटी में बिहार के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा – I am sorry Baba, I am useless

ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी में बिहार के मधुबनी निवासी बीटेक छात्र शिवम कुमार डे ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पिता से माफी मांगते हुए खुद को ‘useless’ बताया और एजुकेशन सिस्टम पर सवाल उठाए।

शारदा यूनिवर्सिटी में बिहार के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा – I am sorry Baba, I am useless

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी (Sharda University) के हॉस्टल में 16 अगस्त को एक दर्दनाक घटना सामने आई। बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले शिवम कुमार डे (Shivam Kumar De) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस को शिवम के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट (Suicide Note) भी मिला, जिसमें उसने खुद को ‘useless’ बताया और पिता से माफी मांगी। साथ ही यूनिवर्सिटी से फीस वापस करने और एजुकेशन सिस्टम पर सवाल उठाए।

पढ़ाई से दूरी और यूनिवर्सिटी का बयान
जांच में पता चला कि शिवम बीटेक (B.Tech) की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन वह पिछले डेढ़ साल से कॉलेज नहीं गया था। उसने न तो 2024-25 सेशन में री-रजिस्ट्रेशन (Re-registration) कराया और न ही क्लास अटेंड की। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, शिवम का CGPA 5.0 से कम था, जो थर्ड ईयर प्रमोशन के लिए जरूरी है। बार-बार मौके देने के बावजूद वह सुधार नहीं कर पाया।

यूनिवर्सिटी ने दावा किया कि उसे स्पेशल एग्जाम और सिर्फ 40% फीस पर दोबारा सेकंड ईयर में एडमिशन का ऑफर दिया गया था, लेकिन शिवम ने दोबारा एडमिशन नहीं लिया।

पिता का आरोप – बेटा कॉलेज नहीं जा रहा था, हमें क्यों नहीं बताया?
मृतक छात्र शिवम के पिता कार्तिक डे ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अगर शिवम डेढ़ साल से क्लास नहीं जा रहा था तो हमें जानकारी क्यों नहीं दी गई? फीस तो समय से ली गई, लेकिन पढ़ाई से दूरी की खबर क्यों छुपाई गई? बेटे को इंजीनियर बनाने भेजा था, लेकिन अब उसे हमेशा के लिए खो दिया।

उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को शिवम घर से वापस यूनिवर्सिटी आया था। हाल ही में पूरा परिवार वैष्णो देवी यात्रा पर भी गया था, लेकिन उस समय शिवम के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं दिखा।

सुसाइड नोट का खुलासा

पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट में शिवम ने लिखा, मैं इस दुनिया के लिए नहीं बना। मैं इस एजुकेशन सिस्टम (Education System) के लिए सही नहीं हूं। अगर देश को महान बनना है तो सही एजुकेशन सिस्टम शुरू करना होगा। बाबा, I am sorry… मैं आपका सहारा नहीं बन पाया।

नोट में शिवम ने किसी को अपनी मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन यह स्वीकार किया कि वह पिछले एक साल से सुसाइड करने का प्लान बना रहा था।

पुलिस जांच और परिवार की शिकायत
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है।