दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला: आवारा कुत्तों के फैसले से नाराज डॉग लवर ने मारा थप्पड़
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सीएम हाउस की जन सुनवाई के दौरान एक डॉग लवर युवक ने हमला कर दिया। आरोपी राजकोट का रहने वाला है और सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों के आदेश से नाराज था। जानिए पूरी घटना विस्तार से।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके आवास पर साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हमला हुआ। सीएम लोगों से समस्याएं सुन रही थीं, तभी एक शख्स ने अचानक उन पर हाथ उठा दिया। आरोपी ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर धक्का देने की कोशिश की। हालांकि पीछे दीवार होने से सीएम संभल गईं, लेकिन आरोपी ने उनके बाल पकड़ लिए।
मौके पर मचा हंगामा, लोगों ने काबू किया
इस घटना से सीएम हाउस में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की और उसके हाथों पर मारा ताकि वह बाल छोड़ दे। लगभग एक मिनट तक हंगामा चलता रहा और फिर सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को काबू में कर लिया।
आरोपी राजकोट का रिक्शा चालक और डॉग लवर
हमले का आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है और उसकी उम्र 41 साल बताई जा रही है। वह पेशे से रिक्शा चालक है लेकिन खुद को बड़ा Dog Lover और पशु प्रेमी बताता है। उसकी मां ने बताया कि वह कई सालों से पड़ोसियों से रोटियां इकट्ठा करके गायों और कुत्तों को खिलाता था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से नाराज होकर दिल्ली आया
पुलिस पूछताछ में आरोपी की मां ने बताया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को लेकर एक आदेश दिया था। इस आदेश से उसका बेटा काफी दुखी था। उसने सोशल मीडिया पर कुत्तों को दिल्ली की सड़कों से हटाने का वीडियो देखा और इसके बाद गुस्से में आकर दिल्ली चला आया।
आरोपी की मां का खुलासा: मानसिक रूप से बीमार और गुस्सैल स्वभाव
राजेश नाम के इस आरोपी की मां भानु बेन ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से अस्थिर और गुस्सैल स्वभाव का है। वह अक्सर उज्जैन महादेव मंदिर जाता था और कहकर निकला था कि उज्जैन जा रहा हूं। लेकिन अचानक दिल्ली पहुंच गया। मां ने बताया कि वीडियो देखने के बाद उसने खाना-पीना छोड़ दिया और खुद को मारने लगा।
मां ने सीएम से मांगी माफी
आरोपी की मां ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपने बेटे के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा गरीब परिवार से है, वह सिर्फ पशुओं से प्यार करता है। मां ने कहा कि बेटे का सपना था कि एक दिन पशु अस्पताल बनाकर कुत्तों और गायों की सेवा करे।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस से भी संपर्क किया है और आरोपी के परिवार से जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में जांच जारी है और आरोपी के मानसिक हालात को भी ध्यान में रखा जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




