चुनाव आयोग ने बढ़ाई SIR की समयसीमा, यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की नई तारीखें तय
चुनाव आयोग ने छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SIR की समयसीमा बढ़ा दी है। तमिलनाडु, गुजरात, यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़ और केरल में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की नई तारीखें जारी की गईं। साथ ही ASD लिस्ट राजनीतिक दलों के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया है।
चुनाव आयोग ने छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision—SIR) की प्रक्रिया को और समय देने का फैसला किया है। हालांकि, इस विस्तार में पश्चिम बंगाल शामिल नहीं है, जहां एसआईआर को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न राज्यों में फॉर्म जमा करने और ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल जारी करने की तारीखें स्थानीय जरूरतों और प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए संशोधित की गई हैं।
यूपी, एमपी और छत्तीसगढ़ में नई तारीखें लागू
तमिलनाडु और गुजरात में अब 14 दिसंबर 2025 तक फॉर्म जमा किए जा सकेंगे, जबकि 19 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एसआईआर की प्रक्रिया 18 दिसंबर तक जारी रहेगी और 23 दिसंबर को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा। उत्तर प्रदेश में फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 26 दिसंबर तय की गई है तथा 31 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।
पश्चिम बंगाल में समय सीमा जस की तस
दूसरी ओर, गोवा, गुजरात, लक्षद्वीप, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में फॉर्म भरने का समय 11 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इन राज्यों में ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल 16 दिसंबर को पब्लिश किए जाएंगे। केरल में पहले से बदले हुए शेड्यूल के अनुसार 18 दिसंबर तक एसआईआर चलेगा और 23 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची सामने आएगी।
ASD लिस्ट अब राजनीतिक दलों के साथ शेयर होगी
चुनाव आयोग ने 10 दिसंबर 2025 को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को एक विशेष निर्देश भी जारी किया है। आयोग ने कहा है कि बूथ स्तर पर तैयार की जाने वाली अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहराए गए मतदाताओं (ASD) की सूची राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों के साथ साझा की जाए, ताकि पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत हों।


आँखें न्यूज़ 24 




