सोने-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! दिल्ली में Gold ₹1,12,750 और Silver ₹1,28,800 के पार

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना और चांदी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोना ₹1,12,750 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,28,800 प्रति किलो के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई। जानें अंतरराष्ट्रीय बाजार और डॉलर की कमजोरी ने कैसे दिया कीमतों को बल।

सोने-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! दिल्ली में Gold ₹1,12,750 और Silver ₹1,28,800 के पार
Gold and Silver Price

मंगलवार का दिन कीमती धातुओं के लिए ऐतिहासिक रहा। राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना ₹1,12,750 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। सोमवार को यही सोना ₹1,07,670 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यानी एक दिन में ₹5,080 की तगड़ी बढ़त देखने को मिली।

चांदी भी नई ऊंचाई पर
सोने के साथ चांदी ने भी नया कीर्तिमान रच दिया। चांदी की कीमत में ₹2,800 प्रति किलो का उछाल आया और यह ₹1,28,800 प्रति किलो पर पहुंच गई। जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह ₹1,26,000 प्रति किलो पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी का हाल
वैश्विक बाजारों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। मंगलवार को सोना $3,659.27 प्रति औंस के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा। हालांकि बाद में यह थोड़ी गिरावट के साथ $3,652.72 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी में भी मजबूती बनी रही।

डॉलर में गिरावट और निवेशकों का रुझान
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका से आए कमजोर रोजगार आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की पॉलिसी में ढील की संभावना को बढ़ा दिया है। इस वजह से निवेशकों का रुझान सोना और चांदी जैसी सेफ हेवन एसेट्स की ओर बढ़ा है। इसी बीच, डॉलर इंडेक्स 0.17% गिरकर 97.29 पर आ गया, जिससे सर्राफा कीमतों को और मजबूती मिली।