हरियाणा में ‘वोट चोरी’ का बम: राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम नायब सिंह सैनी की पलटवार — 'कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है'
राहुल गांधी ने हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डुप्लीकेट वोटर और फर्जी पते के ज़रिए चुनाव में हेराफेरी हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जवाब दिया—कांग्रेस झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लगभग 25 लाख वोटों की हेराफेरी की गई है। राहुल गांधी का कहना है कि यह सिर्फ तकनीकी गलती नहीं बल्कि “संगठित तरीके से लोकतंत्र की चोरी” है।
उनके मुताबिक, हरियाणा के कई निर्वाचन क्षेत्रों में डुप्लीकेट मतदाता, फर्जी पते, थोक मतदाता, और अवैध वोट डालने की साजिशें सामने आई हैं। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि इतिहास में पहली बार डाक मत (Postal Votes) और वास्तविक वोटों के आंकड़ों में भारी असमानता देखी गई।
राहुल ने दिखाया मुख्यमंत्री सैनी का पुराना वीडियो
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो दिखाया, जो मतगणना से दो दिन पहले का बताया गया। वीडियो में सैनी यह कहते नजर आए— बीजेपी सरकार बना रही है, हमारे पास सभी व्यवस्थाएं हैं।
राहुल ने सवाल उठाया— जब परिणाम आने से पहले ही मुख्यमंत्री को यह कैसे पता था कि बीजेपी जीत रही है? यह ‘व्यवस्था’ आखिर क्या थी?
राहुल का दावा: ब्राजील की मॉडल ने 22 बार वोट डाला
राहुल गांधी ने कई मतदाताओं की फर्जी लिस्टें और फोटो भी दिखाईं। उन्होंने चौंकाने वाला दावा किया कि ब्राजील की एक महिला मॉडल ने हरियाणा के 10 अलग-अलग बूथों पर 22 बार वोट डाला।
राहुल ने कहा— इस महिला के अलग-अलग नाम हैं—सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि और विमला। असल में यह एक विदेशी मॉडल है, लेकिन हरियाणा की मतदाता सूची में इसे पांच नामों से पंजीकृत किया गया है। यह कैसे संभव है?
यूपी से लेकर केरल तक फैला ‘डबल वोटिंग नेटवर्क’
राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और केरल के बीजेपी नेताओं ने भी हरियाणा चुनाव में वोट डाले। उन्होंने कहा कि यूपी के सरपंच डालचंद, जो बीजेपी से जुड़े हैं, ने यूपी और हरियाणा—दोनों राज्यों में मतदान किया। इसी तरह मथुरा के प्रह्लाद और केरल के गोपाल कृष्णन के नाम भी उन्होंने लिए।
राहुल का कहना है— ये तो बस कुछ उदाहरण हैं, हमारे पास ऐसे हजारों नाम हैं जिन्होंने दोहरी वोटिंग की। यह लोकतंत्र के साथ सीधा धोखा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जवाब: 'कांग्रेस झूठ फैला रही है'
इन गंभीर आरोपों पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा— राहुल गांधी देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है, इसलिए झूठ फैलाकर राजनीति करना उसका नया तरीका बन गया है। सैनी ने आगे कहा कि हरियाणा का जनादेश साफ है, और कांग्रेस चुनावी हार को छिपाने के लिए ‘फर्जी वोट’ का बहाना बना रही है।
राजनीतिक माहौल में गर्मी
राहुल गांधी के आरोपों ने हरियाणा की सियासत को झकझोर दिया है। कांग्रेस ने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की है। वहीं, बीजेपी ने इसे “राजनीतिक ड्रामा” बताया है।
चुनाव आयोग की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर ‘वोट चोरी बनाम झूठी कहानी’ का संग्राम तेज हो गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




