पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से की बात, अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने पर दी बधाई

शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री बने। आईएसएस पहुंचने के बाद हिंदी में भेजा संदेश, पीएम मोदी ने की फोन पर बातचीत।

पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से की बात, अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने पर दी बधाई
PM Modi interacted with Group Captain Shubhanshu Shukla

भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर सफल डॉकिंग के बाद 28 घंटे की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा पूरी की। शुभांशु शुक्ला ने न केवल भारत का नाम रोशन किया, बल्कि तिरंगे के साथ अंतरिक्ष में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वह अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले विश्व के 634वें और भारत के दूसरे एस्ट्रोनॉट बन गए हैं।

पीएम मोदी ने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद शुभांशु शुक्ला से फोन पर बातचीत की। पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की।

अंतरिक्ष से पहला संदेश
शुभांशु शुक्ला ने आईएसएस पर पहुंचने के बाद हिंदी में अपना पहला संदेश भेजा:
"यह भारत के लिए खास पल है और मैं अपना तिरंगा लेकर चल रहा हूं। यहां खड़ा होना आसान लग रहा है, लेकिन मेरा सिर थोड़ा भारी है। यह इस अद्भुत यात्रा का पहला कदम है। जय हिंद, जय भारत।"

अंतरिक्ष स्टेशन पर स्वागत
शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर चालक दल के औपचारिक स्वागत समारोह में अपनी खुशी साझा की। उन्होंने कहा, यहां आने से मेरी जो भी अपेक्षाएं थीं, वे दृश्य से कहीं बढ़कर हैं। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि अगले 14 दिन विज्ञान और अनुसंधान के लिए अद्भुत होंगे।

अंतरिक्ष में 14 दिन
शुभांशु शुक्ला अगले 14 दिनों तक आईएसएस पर वैज्ञानिक अनुसंधान और विभिन्न मिशनों में भाग लेंगे। यह समय भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान और वैश्विक साझेदारी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।