हाथ जोड़े बुजुर्ग महिला को दरोगा ने दी धमकी: 'अबकी मिला तो एनकाउंटर कर दूंगा'; वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में विवादित भूमि मामले पर दारोगा मंशाराम गुप्ता का बुजुर्ग महिला को धमकाने का वीडियो वायरल। पुलिस विभाग ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की।

हाथ जोड़े बुजुर्ग महिला को दरोगा ने दी धमकी: 'अबकी मिला तो एनकाउंटर कर दूंगा'; वीडियो वायरल
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में एक दारोगा द्वारा बुजुर्ग महिला को धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। यह मामला कोटवार गांव में विवादित भूमि को लेकर हुआ, जहां दारोगा मंशाराम गुप्ता ने खुलेआम बुजुर्ग महिला के नाती को एनकाउंटर की धमकी दी।

मामले की पूरी कहानी:
पीड़ित पक्ष के मुताबिक विवादित भूमि का मामला अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि दारोगा मंशाराम गुप्ता ने दूसरे पक्ष को अवैध निर्माण में मदद की। जब बुजुर्ग महिला कलावती और उसका नाती विशाल यादव इसका विरोध करने पहुंचे, तो दारोगा ने विशाल को एनकाउंटर की धमकी देते हुए कहा, अबकी मिला तो एनकाउंटर कर दूंगा।

ग्रामीणों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में साफ नजर आता है कि बुजुर्ग महिला दारोगा से रहम की गुहार लगा रही है, लेकिन दारोगा ने दोबारा धमकी दी।

पुलिस विभाग पर सवाल
यह पहली बार नहीं है जब मंशाराम गुप्ता का रवैया सवालों के घेरे में आया हो। इससे पहले शाहगंज कोतवाली में भी उनके व्यवहार की शिकायतें हो चुकी हैं।

पुलिस अधीक्षक का बयान
जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच के लिए एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पीड़ित का डर
मीडिया से बातचीत में विशाल यादव ने बताया कि उसे अब अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है और वह फिलहाल अपना घर छोड़कर कहीं और शरण लिए हुए है।