AI और फेक कंटेंट से परेशान करण जौहर, दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की याचिका

बॉलीवुड प्रोड्यूसर करण जौहर ने अपनी पहचान और पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जानें क्यों बढ़ रहा है AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से सेलिब्रिटीज के अधिकारों का खतरा।

AI और फेक कंटेंट से परेशान करण जौहर, दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की याचिका
Karan Johar

पिछले कुछ सालों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने लोगों की जिंदगी को आसान तो बनाया है, लेकिन इसके साथ-साथ इसका दुरुपयोग भी तेजी से बढ़ा है। खासकर सेलिब्रिटीज की पॉपुलैरिटी और पर्सनालिटी को लेकर। हाल ही में बच्चन परिवार ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए कोर्ट का सहारा लिया था। अब इसी कड़ी में मशहूर बॉलीवुड प्रोड्यूसर करण जौहर ने भी दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

करण जौहर की याचिका में क्या है खास?
करण जौहर ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए मांग की कि उनकी पहचान, चेहरा, आवाज़ और उनकी लोकप्रियता का किसी भी तरह से अनधिकृत इस्तेमाल न किया जाए। उनके वकील राजशेखर राव ने दलील दी कि करण जौहर को यह अधिकार है कि वे अपने पर्सनालिटी राइट्स (Personality Rights) की सुरक्षा करें और कोई भी उनकी छवि का व्यावसायिक फायदा न उठा पाए।

नाम और तस्वीर का गलत इस्तेमाल
करण जौहर का आरोप है कि कुछ प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइट्स उनकी फोटो, नाम और पॉपुलैरिटी का इस्तेमाल कर उत्पाद बेच रहे हैं। उन्होंने कोर्ट से अनुरोध किया है कि ऐसे उत्पादों की बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए और संबंधित प्लेटफॉर्म्स पर सख्त कार्रवाई की जाए।

कोर्ट की टिप्पणी
जस्टिस मनमीत प्रितम सिंह ने सुनवाई के दौरान कहा कि हर मीम (Meme) को अपमानजनक मान लेना सही नहीं है। लेकिन यदि कोई प्लेटफॉर्म उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर बिजनेस या बिक्री कर रहा है, तो यह गंभीर मामला है। करण जौहर को ऐसे डोमेन नेम और वेबसाइट्स को चिन्हित करना होगा ताकि कोर्ट उचित कदम उठा सके।

सेलिब्रिटीज की मार्केट वैल्यू और अधिकार
बॉलीवुड स्टार्स की फैन फॉलोइंग करोड़ों में होती है और उनकी ब्रांड वैल्यू भी अरबों रुपये की होती है। ऐसे में उनकी पर्सनालिटी का गलत इस्तेमाल उन्हें आर्थिक और सामाजिक दोनों स्तर पर नुकसान पहुंचा सकता है। यही वजह है कि अब कई कलाकार कोर्ट की शरण ले रहे हैं।

हाल ही में बच्चन फैमिली ने भी इसी तरह की याचिका दायर की थी। इससे पहले अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ भी पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं।