लोकल ट्रेन हादसे से बाल-बाल बचीं एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा, बोलीं – 'याद नहीं कि ट्रेन से कैसे कूदी'
‘प्यार का पंचनामा 2’ फेम करिश्मा शर्मा के साथ मुंबई लोकल ट्रेन में बड़ा हादसा हुआ। चलती ट्रेन से कूदने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं। जानें कैसे बची उनकी जान और अब कैसी है उनकी हालत।
‘प्यार का पंचनामा 2’ और ‘रागिनी एमएमएस रिटर्न्स’ फेम एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा हाल ही में मुंबई लोकल ट्रेन हादसे का शिकार होते-होते बचीं। बुधवार को सफर के दौरान अचानक वे चलती ट्रेन से कूद गईं, जिससे उनके शरीर पर कई चोटें आईं। फिलहाल करिश्मा को अस्पताल से डिस्चार्ज मिल चुका है और वे घर पर रिकवर कर रही हैं।
करिश्मा की सेहत और डॉक्टर की चेतावनी
31 वर्षीय करिश्मा ने बताया कि हादसे के बाद उनका सिर भारी लग रहा है और लगातार दर्द बना हुआ है। डॉक्टरों ने एमआरआई रिपोर्ट में किसी गंभीर इंटरनल इंजरी से इनकार किया है, लेकिन उन्हें सतर्क रहने और लक्षण बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी गई है। उनके पैरों में सूजन और जलन है, यहां तक कि टखनों के आसपास पानी से भरे छोटे बुलबुले भी बन गए थे।
'अब रेलवे स्टेशन के पास जाने से डर लगता है'
करिश्मा ने कहा कि इस घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने साफ कहा – मुझे नहीं लगता कि मैं जल्दी से रेलवे स्टेशन के पास जा पाऊंगी या ट्रेन से सफर कर पाऊंगी। यह हादसा मेरे लिए बहुत ट्रॉमेटिक था।
याददाश्त दो घंटे तक गायब!
हैरानी की बात यह रही कि करिश्मा को लगभग दो घंटे तक कुछ भी याद नहीं रहा। वे पूरी तरह कंफ्यूज थीं और उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर ट्रेन से कूदने का ख्याल उनके दिमाग में कैसे आया। उन्होंने कहा – मुझे याद ही नहीं है कि मैं कैसे गिरी। मेरे हाथ कांप रहे थे, दिमाग सुन्न हो गया था।
महिला कॉन्स्टेबल और आम यात्रियों ने बचाया
हादसे के तुरंत बाद एक महिला कांस्टेबल और दूसरी महिला ने उनकी जान बचाई और उन्हें नजदीकी क्लिनिक ले गईं। इसके बाद करिश्मा को अंधेरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी मिल गई है।
हादसे पर करिश्मा का साफ बयान
एक्ट्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह जानबूझकर किया गया कदम नहीं था। उन्होंने कहा – मैं बचपन से पटना और मुंबई के बीच ट्रेन से सफर करती रही हूं और हमेशा अच्छी यादें जुड़ी रही हैं। लेकिन इस बार मुझे नहीं पता कि अचानक मेरे साथ क्या हुआ।


आँखें न्यूज़ 24 




