कर्नाटक का नाटक ख़त्म! सिद्धरमैया–शिवकुमार के बीच ब्रेकफास्ट मीटिंग, कहा- गुटबाजी नहीं, हाईकमान करेगा अंतिम फैसला
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की ब्रेकफास्ट मीटिंग ने नेतृत्व विवाद की अटकलों को तेज कर दिया। दोनों नेताओं ने सरकार में गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस हाईकमान का फैसला ही अंतिम होगा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कर्नाटक में जारी नेतृत्व को लेकर चर्चाओं के बीच शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की नाश्ते पर हुई मुलाकात ने राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है। दोनों नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हुई जब कांग्रेस सरकार के भीतर असंतोष की खबरें सामने आ रही थीं। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार स्थिर है और किसी तरह की गुटबाजी नहीं है।
सियासी खींचतान के बीच बातचीत का दौर
नाश्ते पर हुई इस मुलाकात के बाद शिवकुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने सीएम सिद्धरमैया के साथ कावेरी निवास में राज्य की प्राथमिकताओं और आगे की रणनीति पर सार्थक बातचीत की। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा था कि दोनों नेताओं के बीच तनाव बढ़ रहा है, लेकिन डीके शिवकुमार ने साफ किया कि कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए एकजुट होकर काम कर रही है।
शिवकुमार बोले—गुटबाजी नहीं, हाईकमान ही अंतिम फैसला करेगा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने कांग्रेस को भारी समर्थन दिया है और सरकार जनता की इच्छाओं के मुताबिक काम कर रही है। उन्होंने सियासी विवाद की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि हाईकमान जो भी दिशा तय करेगा, वही अंतिम होगा और सरकार में कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वे और सिद्धरमैया मिलकर ही सरकार चला रहे हैं।
विपक्ष से निपटने की तैयारी तेज, शीतकालीन सत्र पर रणनीति तैयार
शिवकुमार ने शीतकालीन सत्र को लेकर कहा कि कांग्रेस सरकार बीजेपी और जेडीएस के हमलों का मजबूती से सामना करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने विपक्ष की रणनीति को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी कर ली है, ताकि विधानसभा में कोई कमजोरियां न दिखें।
विधायकों की नाराज़गी सिर्फ मंत्री पद को लेकर—सिद्धरमैया
ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि कुछ विधायक मंत्री बनना चाहते हैं इसलिए वे दिल्ली में आलाकमान से मिले। इसका यह मतलब नहीं कि वे नेतृत्व के खिलाफ हैं। सिद्धरमैया ने बताया कि कई विधायकों ने उनसे बात कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि आलाकमान का फैसला सभी के लिए अंतिम होगा और पार्टी उसी दिशा में चलेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




