‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने की लव मैरिज! परिवार के विरोध के बीच मंदिर में रचाई शादी

महाकुंभ से सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा भोसले ने अपने प्रेमी फरमान खान से केरल के तिरुवनंतपुरम में मंदिर में शादी कर ली। परिवार के विरोध के बीच दोनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी और फिर विवाह संपन्न हुआ।

‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने की लव मैरिज! परिवार के विरोध के बीच मंदिर में रचाई शादी

सोशल मीडिया पर ‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ के नाम से पहचान बनाने वाली मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार वजह उनका निजी जीवन है। मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान के साथ शादी कर ली है। बुधवार शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के पूवर इलाके में स्थित एक स्थानीय मंदिर में विवाह किया। इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

छह महीने की दोस्ती के बाद लिया शादी का फैसला
शादी के बाद मोनालिसा ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी खुशी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले छह महीने से एक-दूसरे को करीब से जान रहे थे और इसी दौरान उन्होंने जीवन साथ बिताने का फैसला किया। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल का नयनार मंदिर बहुत पसंद आया, इसलिए उन्होंने यहीं शादी करने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी कहा कि केरल के लोग बेहद सहयोगी और स्नेही हैं, जिससे उन्हें यहां बहुत अच्छा महसूस हुआ।

फिल्म की शूटिंग के दौरान बढ़ी नजदीकियां
वहीं फरमान खान ने भी अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी, जहां साथ काम करते-करते बातचीत बढ़ी और रिश्ता गहरा हो गया। फरमान के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने मोनालिसा के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था, लेकिन बाद में मोनालिसा ने उन्हें मना लिया। फरमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ये छह महीने उनके लिए छह साल के प्यार जैसे रहे, इसलिए उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया।

परिवार के विरोध के बीच लिया बड़ा फैसला
मोनालिसा ने यह भी बताया कि उनके परिवार वाले उनकी शादी किसी और से करवाना चाहते थे, लेकिन उन्हें यह मंजूर नहीं था। उन्होंने परिवार के दबाव को ठुकराते हुए अपने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया। शादी के बाद उन्होंने कहा कि अब वह अपने जीवन से खुश हैं और अपने फैसले पर गर्व महसूस करती हैं।

शादी से पहले पुलिस से मांगी सुरक्षा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शादी से पहले मोनालिसा और फरमान तिरुवनंतपुरम के थंपनूर पुलिस थाने भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। मोनालिसा का आरोप था कि उनका परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा है और उन्हें जबरन घर वापस ले जाने की कोशिश कर रहा है। परिवार उन पर किसी रिश्तेदार से शादी करने का दबाव डाल रहा था, इसलिए उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

पुलिस ने परिवार को समझाया, फिर हुई शादी 
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले को थाने बुलाकर बातचीत की। पुलिस ने परिवार को समझाया कि मोनालिसा बालिग हैं और कानून के अनुसार उन्हें अपनी पसंद से जीवन साथी चुनने और अपनी इच्छा से रहने का पूरा अधिकार है। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और शाम को मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न हो गया। इस मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन भी मौजूद रहे।