रेप केस में सज़ा काट रहे नारायण साईं की कोठरी से मोबाइल बरामद, जेल सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
गुजरात की लाजपोर जेल में रेप दोषी नारायण साईं की कोठरी से मोबाइल फोन बरामद होने के बाद नई FIR दर्ज की गई है। फोन को मैग्नेट से दरवाज़े के पीछे छिपाया गया था। मामला सामने आने के बाद जेल सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
गुजरात की लाजपोर जेल से बड़ी जानकारी सामने आई है जहाँ रेप के दोषी नारायण साईं की कोठरी से मोबाइल फ़ोन बरामद हुआ है। जेल प्रशासन ने यह खुलासा होने के बाद सचिन पुलिस स्टेशन में नई एफआईआर दर्ज करा दी है।
ठग के पकड़े जाने के बाद हुई बड़ी कार्रवाई
मामला तब खुला जब जेल के नाम पर पैसे वसूलने वाले एक ठग को पकड़ने के बाद हर कोठरी में अचानक चेकिंग करवाई गई। जेल इंचार्ज दीपक भाभोर को इस ठगी की सूचना मिली थी और उसके बाद पूरे बैरक में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
दरवाज़े के पीछे मैग्नेट से चिपकाया गया था मोबाइल
जांच के दौरान सेपरेट सेल की कोठरी नंबर-1 में दरवाज़े के पीछे मैग्नेट की मदद से छिपाया गया मोबाइल फ़ोन मिला। इसके साथ थैले में एक सिम कार्ड भी बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मोबाइल और सिम को जब्त कर लिया है।
बैटरी अलग, सिम अलग... जेल में गुप्त तकनीक का इस्तेमाल
सूत्रों के मुताबिक, नारायण साईं मोबाइल की बैटरी अलग छुपाकर रखता था ताकि पकड़ा न जाए। सिम कार्ड वह अपने पास रखता था जबकि बैटरी सिपाही कक्ष में छिपाई गई थी। एक कैदी ने बताया कि इस तरीके से वह गुप्त तौर पर फोन चलाता था।
सुरक्षा पर गंभीर सवाल, पुलिस जांच तेज
मोबाइल मिलने के बाद लाजपोर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और माना जा रहा है कि जेल प्रशासन जल्द ही कड़े कदम उठाने वाला है।


आँखें न्यूज़ 24 




