नेपाल Gen-Z Protest: काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर पर हमला, बिहार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने जताई चिंता

नेपाल के Gen-Z प्रदर्शनों के दौरान काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर को नुकसान पहुंचाए जाने पर बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने ट्रंप के भारत और मोदी पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी और उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA की जीत पर बधाई भी दी।

नेपाल Gen-Z Protest: काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर पर हमला, बिहार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने जताई चिंता

नेपाल की राजधानी काठमांडू में चल रहे Gen-Z विरोध प्रदर्शनों के दौरान उपद्रवियों द्वारा ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर को नुकसान पहुंचाने की खबर पर बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने मंदिर को क्षति पहुंचाई है, तो यह अत्यंत दुखद है क्योंकि यह मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है।

'धार्मिक आस्था का केंद्र है पशुपतिनाथ'
जीवेश मिश्रा ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर न सिर्फ नेपाल बल्कि पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र है। काठमांडू जाने वाला हर व्यक्ति इस मंदिर के दर्शन करना अपनी प्राथमिकता मानता है। यहां देश-विदेश से सनातन धर्म में विश्वास रखने वाले श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने उपद्रवियों की इस हरकत को लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन और सांस्कृतिक धरोहर पर हमला बताया।

बयान के दौरान जीवेश मिश्रा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने भारत को 'महान देश' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'अच्छा दोस्त' कहा था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। वे नीति और नीयत दोनों के साथ काम करते हैं। आज भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और दुनिया भारत की शक्ति को मान रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ट्रंप का भारत की ओर झुकना इस बात का प्रमाण है कि दुनिया भारत के नेतृत्व को स्वीकार कर रही है।