पप्पू यादव बोले – मैं राजनीति नहीं, इंसानियत जानता हूं, कहा- टिकट बिक रहे 12 करोड़ में, नेताओं से अच्छे हैं जानवर
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा— मुझे राजनीति नहीं आती, मैं इंसानियत जानता हूं।” टिकट बिक्री, हिंदू-मुसलमान की राजनीति और तेजस्वी यादव पर उन्होंने किया बड़ा खुलासा।
इंडिया टीवी के एक कार्यक्रम में जब पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने हमेशा की तरह अपने बिंदास अंदाज़ से पूरे हॉल को ध्यानमग्न कर दिया। पप्पू यादव ने कहा— “मुझे राजनीति नहीं आती, मैं सिर्फ इंसानियत समझता हूं। भीड़ जुटाना या नारे लगवाना मेरा काम नहीं। मैं बिहार के हर घर का बेटा हूं।
'नेताओं से अच्छे जानवर हैं, टिकट बिक रहे 12 करोड़ में'
सांसद ने राजनीति में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा— आज की राजनीति में सिर्फ हिंदू-मुसलमान का खेल चल रहा है। 10 से 12 करोड़ रुपये में टिकट बिक रहे हैं। ऐसे माहौल में राजनीति नहीं, व्यापार हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नेता जनता की सेवा नहीं कर रहे, बल्कि अपनी जेबें भर रहे हैं। आज के हालात में जानवर इंसानों से बेहतर लगते हैं क्योंकि उनमें स्वार्थ कम है।
'मैं नाचता नहीं, नचाता हूं'
मंच पर जब उनसे पूछा गया कि वे अक्सर विवादों में क्यों रहते हैं, तो उन्होंने हंसते हुए कहा— पप्पू यादव नचाता है, नाचता नहीं। मैं सच्चाई के रास्ते पर चलता हूं। ताकतवर लोगों से वोट मांगने कभी नहीं गया। मेरे लिए हर इंसान बराबर है।
उन्होंने याद दिलाया कि बाढ़ और कोरोना जैसी आपदाओं में मैंने किसी की जाति नहीं पूछी। घर-घर जाकर मदद की। बिहार की जनता मेरा परिवार है, और उनकी सेवा मेरा धर्म।
'तेजस्वी जननायक नहीं, असली जननायक कर्पूरी ठाकुर हैं'
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा— तेजस्वी जननायक नहीं हैं। बिहार के असली जननायक कर्पूरी ठाकुर थे, जिनके विचार आज भी प्रेरणा देते हैं। लालू यादव तेजस्वी से कहीं बेहतर थे, लेकिन तेजस्वी कभी लालू नहीं बन सकते।
पप्पू यादव ने आगे कहा कि मुझे किसी का टिकट नहीं चाहिए। मेरे रिश्ते सबके साथ अच्छे हैं। मैं यादव नहीं, इंसान हूं। जाति की राजनीति ने बिहार को कमजोर किया है।
बीजेपी और सरकार पर हमला – 'नोटबंदी ने देश को बर्बाद किया'
पप्पू यादव ने मंच से बीजेपी सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा— नोटबंदी ने देश को बर्बाद कर दिया। आम आदमी की कमर टूट गई, जबकि भ्रष्ट लोग और ताकतवर वर्ग और मजबूत हो गए।
उन्होंने शिक्षा भर्ती घोटालों का भी मुद्दा उठाया— SSC और BPSC जैसी परीक्षाओं में हर बार चोरी होती है। मेहनती छात्रों का भविष्य कुचला जा रहा है। सरकार जवाब देने से बच रही है।
'मैं बिहार का सेवक हूं, एयरपोर्ट डेडलाइन के अंदर लाया'
पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट की डेडलाइन के भीतर निर्माण पूरा कराया। उन्होंने कहा— मैं बिहार के लिए काम करता हूं, राजनीति के लिए नहीं। मेरा मकसद बिहार को उसका हक दिलाना है।


आँखें न्यूज़ 24 




