पटना में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज, पीएम मोदी पर अपशब्दों के इस्तेमाल का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। भाजपा कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने गांधी मैदान थाना में शिकायत दर्ज कराई, आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर बार-बार अभद्र टिप्पणी की है।
बिहार की राजधानी पटना से सियासत को गर्माने वाली बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को लेकर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में पटना के गांधी मैदान थाना में केस दर्ज किया गया है।
यह शिकायत भाजपा (BJP) कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू (Krishna Singh Kallu) ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
दरभंगा के मंच से विवादित बयान का आरोप
शिकायत में कृष्ण सिंह कल्लू ने यह भी कहा कि दरभंगा में कांग्रेस नेताओं के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए। भाजपा नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान है।
'राहुल गांधी की टिप्पणी शर्मनाक'
भाजपा नेता कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा – राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर की गई टिप्पणियां बेहद शर्मनाक और असंवैधानिक हैं। यह देश की गरिमा के खिलाफ है और इसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने जांच शुरू की
गांधी मैदान थाना पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर गरमी आ गई है। भाजपा नेता इसे राष्ट्र का अपमान बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस समर्थक राहुल गांधी के बयान को "जनता की आवाज़" बता रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




