PM मोदी ने महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम से की मुलाकात, कहा – 'यह जीत सिर्फ मैदान पर नहीं, देश के दिलों में दर्ज हो गई है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम से मुलाकात की, खिलाड़ियों को बधाई दी और ‘फिट इंडिया’ अभियान में भाग लेने की अपील की।

PM मोदी ने महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम से की मुलाकात, कहा – 'यह जीत सिर्फ मैदान पर नहीं, देश के दिलों में दर्ज हो गई है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर महिला वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के साथ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर महिला वर्ल्ड कप 2025 विजेता भारतीय टीम से मुलाकात की। इस दौरान माहौल उत्साह, गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ था। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई दी और खास तौर पर टीम की तीन लगातार हार के बाद शानदार वापसी की सराहना की।

पीएम मोदी बोले – 'यह जीत भारत के हर दिल की जीत है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला टीम ने केवल ट्रॉफी ही नहीं जीती, बल्कि देशभर की बेटियों के आत्मविश्वास को भी नई ऊँचाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा, “आपकी मेहनत और जज़्बे ने दिखा दिया कि भारत की बेटियाँ अब किसी से पीछे नहीं हैं। आपने खेल के मैदान से लेकर हर घर तक प्रेरणा फैलाई है।”

हरमनप्रीत बोलीं – “2017 में ट्रॉफी नहीं थी, अब गर्व से लेकर आए हैं”
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने याद किया कि उन्होंने 2017 में भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, लेकिन तब उनके पास ट्रॉफी नहीं थी। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “अब जब ट्रॉफी है, तो हम उनसे बार-बार मिलना चाहेंगे।” हरमन की इस बात पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा ने साझा किया प्रेरणादायक अनुभव
टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा, “आज भारत की लड़कियाँ हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं, और इसमें प्रधानमंत्री की सोच का बड़ा योगदान है।”

वहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से पीएम से मिलने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा, “2017 में पीएम ने हमें कहा था कि मेहनत करते रहो, एक दिन सपना सच होगा… आज वो सपना हकीकत है।”

पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान दीप्ति के ‘जय श्री राम’ इंस्टाग्राम पोस्ट और हनुमान जी के टैटू का जिक्र भी किया। दीप्ति ने कहा कि वह टैटू उन्हें “शक्ति और प्रेरणा” देता है।

‘फिट इंडिया’ मिशन का संदेश
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों से ‘फिट इंडिया’ आंदोलन को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत में मोटापे और निष्क्रिय जीवनशैली की समस्या तेजी से बढ़ रही है। “फिट रहना, सफल होने जितना ही जरूरी है,” पीएम मोदी ने कहा।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने स्कूलों और कॉलेजों में जाकर बच्चों को प्रेरित करें, ताकि नई पीढ़ी खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाए।

प्रधानमंत्री का ‘ओपन इन्विटेशन’
टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने बताया कि उनका भाई पीएम मोदी का बड़ा प्रशंसक है। इस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि “उसे भी कभी मिलने के लिए जरूर लेकर आना।”

यह मुलाकात न सिर्फ हंसी-मजाक और प्रेरणा से भरी रही, बल्कि इसने भारतीय महिला टीम की जीत को एक राष्ट्रीय गर्व के क्षण में बदल दिया।