मदीना से प्रेमानंद जी महाराज के लिए दुआ: मुस्लिम युवक का भावुक वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के संत प्रेमानंद जी महाराज की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा है। मदीना से मुस्लिम युवक सुफियान इलाहाबादी का भावुक वीडियो वायरल, जिसमें वह महाराज जी के लिए दुआ करता है।
उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज की सेहत को लेकर इन दिनों भक्तों में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कई तरह की खबरें चर्चा में हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर ने समाज के हर वर्ग के लोगों को भावुक कर दिया है। भक्त और अनुयायी यही दुआ कर रहे हैं कि महाराज जी जल्द स्वस्थ होकर फिर लोगों की सेवा कर सकें।
मुस्लिम युवक का भावपूर्ण वीडियो हुआ वायरल
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने सभी का दिल छू लिया। इस वीडियो में सुफियान इलाहाबादी, मदीना, सऊदी अरब से प्रेमानंद जी महाराज की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता दिखाई दे रहा है।
सुफियान अपने हाथ में मोबाइल फोन पकड़े हुए हैं, जिस पर प्रेमानंद जी महाराज की तस्वीर लगी हुई है। भावुक होकर वह अल्लाह से प्रार्थना करता है कि महाराज जी जल्द स्वस्थ हों। वीडियो में उसकी आवाज़ और भावनाओं से स्पष्ट झलकती है कि यह दुआ सच्ची श्रद्धा और मानवता से भरी हुई है।
सुफियान का संदेश और इंसानियत का महत्व
सुफियान ने वीडियो में बताया कि वह प्रयागराज का रहने वाला है, गंगा और यमुना के संगम की धरती। उन्होंने प्रेमानंद जी को "हिंदुस्तान का नेक और अच्छाई से भरा इंसान" बताया।
उन्होंने कहा कि उन्हें महाराज जी की लंबी बीमारी की जानकारी मिली और इसी वजह से वह मदीना से उनके लिए दुआ कर रहे हैं। सुफियान ने वीडियो में इंसानियत का महत्व भी रेखांकित किया और कहा कि असली पहचान धर्म से नहीं, बल्कि इंसान होने से तय होती है।
सोशल मीडिया पर मिली तारीफ और आश्रम की जानकारी
वीडियो वायरल होने के बाद सुफियान की इस पहल को सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है। लोग उसकी भावनाओं और मानवता की सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
प्रेमानंद जी वर्तमान में वृंदावन के श्री राधेहित केलिकुंज आश्रम में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। आश्रम की ओर से कुछ दिन पहले जारी किए गए संदेश में बताया गया था कि महाराज जी की तबीयत में सुधार हुआ है।


आँखें न्यूज़ 24 




