पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता को क्लिनिक में मारी गोली, हालत नाजुक; परिवार ने की Privacy की अपील
पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर मोगा के हरबंस नर्सिंग होम में दिनदहाड़े हमला हुआ। हालत गंभीर। तानिया ने सोशल मीडिया पर भावुक अपील की। पढ़ें पूरी खबर।
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस तानिया (Tania) इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। शुक्रवार दोपहर (4 जुलाई) को पंजाब के मोगा जिले में उनके पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज (Dr. Anil Jeet Singh Kamboj) पर अज्ञात हमलावरों ने क्लिनिक के अंदर घुसकर गोलियां चला दीं। घटना के वक्त डॉक्टर अपने नर्सिंग होम हरबंस नर्सिंग होम में मरीजों को देख रहे थे।
गोली लगने के बाद डॉ. कंबोज को तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक यह हमला पहले से सोची-समझी साजिश थी।
मोटरसाइकिल पर आए हमलावर, मरीज बनकर घुसे
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर बाइक पर आए और मरीज होने का नाटक करते हुए क्लिनिक में दाखिल हुए। जैसे ही वे डॉक्टर के करीब पहुंचे, उन्होंने दो गोलियां चलाईं और फरार हो गए।
मोगा के पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया, हमलावर एक खतरनाक प्लान के साथ आए थे। वे मरीज बनकर अंदर घुसे और डॉक्टर को करीब से गोली मार दी। फिलहाल डॉक्टर की हालत नाजुक है।
पुलिस के मुताबिक डॉ. कंबोज को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं, हालांकि उन्होंने इसकी कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। फिलहाल जबरन वसूली (extortion) और अन्य एंगल से जांच की जा रही है। क्लिनिक और आस-पास का इलाका सील कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
तानिया ने सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक नोट
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद तानिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल नोट पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, यह हमारे परिवार के लिए एक बेहद कठिन और भावनात्मक समय है। हम मीडिया और सभी लोगों से विनम्र निवेदन करते हैं कि हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें थोड़ा संभलने का समय दें। कृपया स्थिति को लेकर अफवाहें न फैलाएं। सभी के समर्थन और समझ के लिए धन्यवाद।
तानिया का फिल्मी सफर और लोकप्रियता
तानिया पंजाबी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने 2020 में आई फिल्म सूफना (Sufna) से डेब्यू किया और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद वह बाजरे दा सिट्टा, रब्ब दा रेडियो 2, गुड्डियां पटोले और ओए मखना जैसी हिट फिल्मों में नजर आईं। तानिया पंजाब की रहने वाली हैं, लेकिन उनका जन्म 6 मई 1993 को जमशेदपुर (झारखंड) में हुआ था।


आँखें न्यूज़ 24 




