जया बच्चन पर रेखा गुप्ता का तंज — 'एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो…'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। जया बच्चन के बयान पर उन्होंने फिल्मी अंदाज़ में जवाब दिया — ‘एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो…’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत से नहीं बल्कि राष्ट्र-विरोधी ताकतों से प्रेम करते हैं, वही लोग इस तरह के अभियानों पर सवाल उठाते हैं।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में कहा, ऑपरेशन सिंदूर पुलवामा जैसे हमले के जवाब में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब था। यह हमारी बहनों के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए उठाया गया साहसी कदम था। प्रधानमंत्री मोदी ने इसमें निर्णायक भूमिका निभाई।
जया बच्चन पर भी तंज, कहा – 'एक चुटकी सिंदूर की कीमत...'
CM रेखा गुप्ता ने इस दौरान सपा सांसद जया बच्चन पर भी करारा तंज कसा। उन्होंने कहा, जया बच्चन कहती हैं कि ऑपरेशन का नाम 'सिंदूर' क्यों रखा गया। मैं उन्हें फिल्मी भाषा में ही जवाब देती हूं — ‘एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो जया जी...’
उन्होंने कहा कि ऐसे बयान हमारे जवानों और महिलाओं के बलिदान का अपमान हैं। गौरतलब है कि जया बच्चन ने हाल ही में राज्यसभा में सवाल उठाया था कि जब महिलाओं का सिंदूर उजड़ गया तो इस अभियान का नाम 'सिंदूर' क्यों रखा गया।
'ये पाकिस्तान के प्रवक्ता जैसे लगते हैं'
रेखा गुप्ता ने विपक्षी INDIA गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा, नाम INDIA है, लेकिन बोलचाल और रवैया पाकिस्तान का लगता है। इन लोगों को अपनी सेना और प्रधानमंत्री पर भरोसा नहीं, लेकिन दूसरे देशों पर है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव जैसे अभियानों पर सवाल उठाकर विपक्ष ने देश के वीर सैनिकों का अपमान किया है।
इतिहास भी नहीं भूलीं गुप्ता, कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम ने कांग्रेस को 1947 के विभाजन और 1962 के भारत-चीन युद्ध के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी का श्रेय तो लिया, लेकिन विभाजन और उसके दर्द से मुंह मोड़ लिया।


आँखें न्यूज़ 24 




