चुनावी हार के बाद राजनीति से दूरी, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी छोड़ने पर क्या बोले रितेश पांडे?

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद भोजपुरी सिंगर-एक्टर रितेश पांडे ने जन सुराज पार्टी से इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया पर साझा किया अपना फैसला।

चुनावी हार के बाद राजनीति से दूरी, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी छोड़ने पर क्या बोले रितेश पांडे?
Ritesh Pandey

बिहार विधानसभा चुनाव में फिल्म और संगीत जगत से आए कई चेहरों ने किस्मत आजमाई, लेकिन कामयाबी कुछ ही लोगों को मिली। चुनावी नतीजों ने कई कलाकारों को निराश किया और अब इसका असर राजनीति से दूरी के फैसलों में दिख रहा है। पहले खेसारी लाल यादव और अब भोजपुरी सिंगर-एक्टर रितेश पांडे ने राजनीति को लेकर बड़ा कदम उठाया है।

जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले रितेश पांडे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। करगहर विधानसभा सीट से मैदान में उतरे रितेश को सिर्फ 10,294 वोट मिले थे और वे चौथे स्थान पर रहे। उम्मीद के मुताबिक समर्थन न मिलने से वे काफी निराश नजर आए।

ईमानदारी से प्रयास का दावा
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने बयान में रितेश ने लिखा कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर उन्होंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया। नतीजे उनके पक्ष में नहीं रहे, लेकिन उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं है क्योंकि उन्होंने पूरी ईमानदारी से प्रयास किया।

कला के जरिए सेवा जारी रखने की बात
उन्होंने आगे कहा कि अब वे उसी काम के जरिए लोगों की सेवा जारी रखना चाहते हैं, जिसने एक साधारण किसान परिवार के बेटे को इतना प्यार और सम्मान दिलाया। रितेश के मुताबिक, किसी राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य के रूप में रहकर यह काम करना मुश्किल है, इसलिए उन्होंने जन सुराज पार्टी की सदस्यता छोड़ने का फैसला किया।

पार्टी और उम्मीदवार दोनों को झटका
रितेश पांडे ने बिहार चुनाव से पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ज्वाइन की थी। पार्टी को भी चुनाव में कोई खास सफलता नहीं मिली और खुद रितेश को भी सिर्फ करीब 10 हजार वोटों पर संतोष करना पड़ा। चुनावी प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया कि लोकप्रियता का सीधा अनुवाद राजनीति में जीत नहीं बन पाता।

भविष्य की राजनीति पर सस्पेंस
माना जा रहा है कि इतने कम वोट मिलने की उम्मीद खुद रितेश को भी नहीं थी। यही वजह है कि उन्होंने अब राजनीति से फिलहाल दूरी बना ली है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया है कि भविष्य में वे राजनीति में लौटेंगे या नहीं, और अगर लौटे तो किस दल के साथ। दिलचस्प बात यह है कि जन सुराज से पहले वे बीजेपी से टिकट मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे।

भोजपुरी इंडस्ट्री का चमकता सितारा
भोजपुरी सिनेमा में रितेश पांडे एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे न सिर्फ मशहूर सिंगर हैं, बल्कि अभिनेता के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं। रानी चटर्जी, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों के साथ काम कर चुके रितेश की लोकप्रियता संगीत और फिल्मों में आज भी कायम है।