75 की उम्र में रिटायरमेंट? मोहन भागवत बोले– संघ में ऐसा कोई नियम नहीं

RSS के 100 वर्ष पूरे होने पर मोहन भागवत ने रिटायरमेंट पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि संघ में 75 साल पर रिटायर होने का कोई नियम नहीं है, जब तक संघ चाहेगा हम काम करते रहेंगे।

75 की उम्र में रिटायरमेंट? मोहन भागवत बोले– संघ में ऐसा कोई नियम नहीं
Mohan Bhagwat

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का समापन गुरुवार को हुआ। अंतिम दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मीडिया और कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान सबसे अहम सवाल 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट को लेकर पूछा गया।

रिटायरमेंट पर मोहन भागवत का जवाब
जब भागवत से पूछा गया कि क्या नेताओं को 75 साल की उम्र में पद छोड़ देना चाहिए, तो उन्होंने साफ कहा— मैंने कभी किसी को नहीं कहा कि 75 साल की उम्र में रिटायर होना जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ समय पहले जिस बयान को गलत समझा गया, वह दरअसल एक विनोदी प्रसंग से जुड़ा था। उन्होंने बताया कि संघ के वरिष्ठ प्रचारक मोरोपंत जी ने 75 वर्ष की उम्र में शॉल ओढ़ने पर मजाक करते हुए कहा था— लोग सोच रहे हैं कि ये सम्मान है, लेकिन मुझे लग रहा है कि ये कह रहे हैं अब उम्र हो गई है, शांत बैठो और देखो।

संघ में जिम्मेदारी उम्र से तय नहीं होती
भागवत ने जोर देकर कहा कि संघ में रिटायरमेंट जैसी कोई परंपरा नहीं है। अगर 80 साल की उम्र में भी संघ कहे कि शाखा चलाओ तो मुझे जाना ही होगा। यहां कोई यह नहीं कह सकता कि अब मैं रिटायरमेंट एंजॉय करूंगा।

उन्होंने कहा कि संघ में जिम्मेदारी उम्र देखकर नहीं दी जाती, बल्कि ज़रूरत और संगठन के काम के अनुसार किसी भी उम्र में दी जा सकती है। संघ चाहे तो 35 साल के स्वयंसेवक को ऑफिस का काम सौंप सकता है और चाहे तो 80 साल के कार्यकर्ता को शाखा भेज सकता है।

'मेरे बाद कई लोग तैयार'
भागवत ने आगे कहा— संघ में कम से कम 10 ऐसे लोग मौजूद हैं जो सरसंघचालक बन सकते हैं। लेकिन वे अभी दूसरे अहम कार्यों में व्यस्त हैं। जब समय आएगा और उन्हें मुक्त किया जाएगा, तब वे जिम्मेदारी संभालेंगे। फिलहाल मुझे ही यह दायित्व निभाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा रिटायरमेंट का नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का है। हम कभी भी रिटायर होने को तैयार हैं और जब तक संघ चाहेगा तब तक पूरी निष्ठा से काम करने को भी तैयार हैं।