West Bengal SIR Controversy: ममता बनर्जी का बड़ा हमला — अगर मुझ पर हमला हुआ, तो पूरे भारत में BJP की नींव हिला दूंगी
ममता बनर्जी ने SIR प्रक्रिया को BJP की “राजनीतिक साज़िश” बताया और चेताया—यदि बंगाल में उन पर हमला हुआ, तो वह पूरे भारत में BJP की नींव हिला देंगी।
पश्चिम बंगाल में चल रही SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया पर सियासत उफान पर है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बनगांव में विशाल रैली कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि SIR सिर्फ वोटर लिस्ट सुधार नहीं, बल्कि “राजनीतिक हथियार” बन चुका है, जिसका निशाना बंगाल की जनता और तृणमूल कांग्रेस है।
ममता ने साफ कहा— “BJP मुझे राजनीतिक रूप से नहीं हरा सकती, इसलिए डराने की कोशिश कर रही है। अगर बंगाल में मुझ पर हमला हुआ, तो मैं पूरे देश में BJP की जड़ें हिला दूंगी।”
ममता बनर्जी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि SIR शुरू होते ही लोगों को समझ आ जाएगा कि चुनाव आयोग और बीजेपी ने किस स्तर पर हस्तक्षेप किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी शासित राज्यों में भी SIR हो रहा है, तो क्या केंद्र मान चुका है कि उन्हीं राज्यों में ‘घुसपैठिए’ मौजूद हैं?
उनका आरोप है कि बिहार में SIR के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव हुए और इसका चुनावी नतीजों पर सीधा असर पड़ा। “बिहार में विपक्ष बीजेपी के खेल को पहचान नहीं पाया”—ममता ने कहा।
ममता ने यह भी चेतावनी दी कि अगर केंद्र ने बंगाल में उनकी पहचान पर सवाल उठाया या लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, तो इसका जवाब पूरे भारत में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल और बांग्लादेश की भाषा एक है, इसलिए उन्हें भी बांग्लादेशी कहे जाने की आशंका जताई।
उन्होंने कहा—“जब तक मैं यहां हूं, कोई भी आपको बाहर नहीं निकाल सकता। अगर आपका नाम सूची से हटाया गया तो केंद्र की सरकार भी सत्ता से बाहर होगी।”
ममता ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया की वजह से राज्य में 35 लोगों की मौत हो चुकी है और चुनाव आयोग की लापरवाही इसकी जिम्मेदार है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि AI की मदद से फर्जी वोटरों का निर्माण, लोगों को BSF के जरिए डराना और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग लगातार जारी है।
उन्होंने सवाल उठाया—“जब ट्रेन, प्लेन, बॉर्डर, सब कुछ केंद्र के नियंत्रण में है, तो घुसपैठ कराने का आरोप तृणमूल पर कैसे लगाया जा सकता है?”
ममता बनर्जी ने CAA पर भी वार किया। उनके मुताबिक बीजेपी नए कार्ड के नाम पर लोगों से पैसे वसूल रही है और जनता को डराया जा रहा है कि उनकी पहचान पर सवाल खड़े हो सकते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




