Russia Ukraine war: 400 से ज़्यादा ड्रोन से रूस का सबसे बड़ा हमला: कीव समेत कई शहर तबाह, 6 की मौत; 80 घायल
रूस ने यूक्रेन के कीव, चेरनिहीव, लुट्स्क और टेर्नोपिल पर 400 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागीं। 6 लोगों की मौत, 80 घायल। यह हमला यूक्रेन द्वारा रूस के एयरबेस पर 41 फाइटर जेट तबाह करने के जवाब में हुआ।
Russia Ukraine war: रूस-यूक्रेन युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा। दोनों देशों के बीच लगातार हो रहे हमलों और जवाबी हमलों ने एक बार फिर हालात को बेहद खतरनाक बना दिया है। ताजा घटनाक्रम में यूक्रेन ने रूस के चार बड़े एयरबेस पर हमला करते हुए 41 लड़ाकू विमानों को तबाह कर दिया। इसके जवाब में रूस ने इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला कर डाला।
इस हमले में रूस ने 400 से ज्यादा ड्रोन और क्रूज मिसाइलें यूक्रेन के कई शहरों पर दागीं। यूक्रेन की राजधानी कीव, चेरनिहीव, लुट्स्क और टेर्नोपिल इस हमले की चपेट में आए। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में 6 लोगों की मौत हुई है जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने कीव समेत अन्य शहरों पर ड्रोन और मिसाइलों की बौछार कर दी। शहरों में घंटों सायरन बजते रहे, लोग दहशत में घरों में कैद हो गए। जेलेंस्की ने कहा, दुनिया की एकता की कमी का फायदा पुतिन उठा रहे हैं। ये वक्त है जब रूस पर कड़ा दबाव बनाया जाए ताकि ऐसे हमले रोके जा सकें।
रूस ने अपने जवाब में कहा है कि यह हमला यूक्रेन के आतंकी कृत्यों के जवाब में किया गया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह ऑपरेशन जमीन, जल और वायु तीनों मार्गों से किया गया और सभी हमले सटीकता से लक्ष्य पर किए गए।
जेलेंस्की ने एक बार फिर संघर्षविराम (Ceasefire) और सुरक्षा गारंटी (Security Guarantee) की मांग दोहराई है। उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए वैश्विक एकजुटता और ठोस कूटनीतिक कदम उठाने की जरूरत है।


आँखें न्यूज़ 24 




