‘सैयारा’ बनी 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर! वायरल इमोशंस, प्रमोशन पर उठा सवाल, वरुण बडोला ने तोड़ी चुप्पी
अहान पांडे की फिल्म 'सैयारा' बनी ब्लॉकबस्टर, फैन्स की इमोशनल प्रतिक्रिया वायरल, प्रमोशन पर उठे सवाल, वरुण बडोला का बड़ा बयान पढ़ें विस्तार से।
अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ ने भारतीय सिनेमा में तहलका मचा दिया है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर नहीं, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी उतर चुकी है। 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 304 करोड़ रुपये, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 200 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए कुल 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
थिएटर में रोते-बिलखते फैन्स, वीडियो वायरल
‘सैयारा’ को लेकर दर्शकों में ऐसी दीवानगी देखी गई, जो पहले कभी नहीं देखी गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवाओं को थिएटर में फर्श पर लेटे हुए, टी-शर्ट फाड़ते, रोते-बिलखते, यहां तक कि बेसुध होकर IV ड्रिप के साथ फिल्म देखते हुए देखा गया। सबसे ज्यादा वायरल हुआ वीडियो था फैसल नामक युवक का, जो सदाना का रहने वाला बताया गया और ड्रिप के साथ थिएटर पहुंचा।
मार्केटिंग स्टंट या सच में इमोशन?
वीडियोज़ के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। लोगों का कहना था कि यह सब फिल्म के PR स्टंट का हिस्सा है। कुछ ने इसे फेक इमोशनल एक्टिंग बताया, तो कुछ ने इसे सोशल मीडिया पब्लिसिटी के लिए सुनियोजित कदम माना। हालांकि निर्माता अक्षय विधानी और डायरेक्टर मोहित सूरी इस मुद्दे पर चुप रहे।
'प्रमोशन टीम थोड़ी ज्यादा दूर निकल गई'
फिल्म में अहान पांडे के पिता का किरदार निभाने वाले अनुभवी अभिनेता वरुण बडोला ने इस मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा, मैंने देखा लोग चूड़ियां तोड़ रहे हैं, छाती पीट रहे हैं… लगता है प्रमोशन टीम कुछ ज्यादा ही आगे निकल गई। शुक्र है किसी के पैर नहीं टूटे!
वरुण ने साफ किया कि उन्हें मार्केटिंग की अहमियत समझ में आती है, लेकिन उसका भी एक सीमा में होना जरूरी है।
'सिर्फ प्रमोशन से नहीं मिलती 500 करोड़ की कमाई'
वरुण ने आगे कहा, कोई भी फिल्म सिर्फ इंस्टाग्राम रील्स से 500 करोड़ नहीं कमा सकती। इसका मतलब साफ है कि लोग सच में फिल्म देखने जा रहे हैं और उन्हें फिल्म पसंद भी आ रही है।
उनके इस बयान ने साफ कर दिया कि भले ही कुछ वीडियो ओवर एक्टिंग लगें, पर फिल्म की कंटेंट क्वालिटी और इमोशनल कनेक्ट ने ही इसे सफलता दिलाई।


आँखें न्यूज़ 24 




