सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी के फार्महाउस में चोरी, मेन गेट तोड़ा; टीवी-बिस्तर समेत कई सामान गायब
सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस संगीता बिजलानी के पुणे स्थित फार्महाउस में चोरी। तोड़े गए मेन गेट, ग्रिल और गायब हुए टीवी, सीसीटीवी और घरेलू सामान। जानें पूरी डिटेल्स।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी के पुणे जिले के मावल स्थित फार्महाउस में चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक्ट्रेस का यह फार्महाउस पवना बांध के पास तिकोना गाँव में है। चार महीने बाद जब संगीता यहां पहुंचीं, तो उन्हें चोरी की वारदात का पता चला।
मेन गेट टूटा, ऊपरी मंज़िल बुरी तरह तहस-नहस
संगीता बिजलानी ने पुणे ग्रामीण पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि फार्महाउस का मेन गेट टूटा हुआ था, खिड़कियों की ग्रिल उखड़ी हुई थी। अंदर जाने पर देखा कि एक टेलीविजन सेट गायब था और एक पूरी तरह टूट चुका था। बिस्तर, रेफ्रिजरेटर, सीसीटीवी कैमरे सहित कई घरेलू और कीमती सामान या तो चोरी हो चुके थे या तोड़ दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि ऊपरी मंज़िल का हाल तो और भी खराब था — पूरी तरह बिखरा और तबाह।
पिता की तबीयत के चलते नहीं जा पाईं फार्महाउस
संगीता ने अपनी एप्लिकेशन में कहा कि वह अपने पिता की तबीयत खराब होने के चलते फार्महाउस नहीं जा पाई थीं। शुक्रवार को जब वह अपनी दो नौकरानियों के साथ वहां पहुंचीं तो यह मंजर देखा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल को अपनी शिकायत दी।
संगीता बिजलानी के मुताबिक, आज जब मैं अपनी दो नौकरानियों के साथ फार्महाउस गई, तो मेन डोर टूटा हुआ देखकर सदमे में आ गई। ऊपरी मंज़िल पूरी तरह से तहस-नहस थी, कई कीमती सामान गायब थे।
पुलिस मौके पर पहुंची, नुकसान का आकलन जारी
लोनावाला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि नुकसान और चोरी का आकलन करने के लिए पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी गई है। आकलन पूरा होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




