राफेल से लेकर ओबीसी तक, राहुल गांधी सिर्फ माफी मांगते हैं – शिवराज सिंह का कटाक्ष

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर देश और सेना के अपमान का आरोप लगाया है। कारगिल, ऑपरेशन सिंदूर और ओबीसी माफी पर उनके तीखे बयान पढ़ें।

राफेल से लेकर ओबीसी तक, राहुल गांधी सिर्फ माफी मांगते हैं – शिवराज सिंह का कटाक्ष
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर माफी मांगते रहे हैं, लेकिन ठोस काम कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा कि राफेल डील, आपातकाल, सिख दंगे, और अब ओबीसी समाज — हर मुद्दे पर राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ी। यह उनकी राजनीति की आदत बन गई है। शिवराज सिंह ने कांग्रेस से यह भी सवाल पूछा कि ओबीसी समुदाय के लिए उन्होंने किया क्या है, सिवाय इसके कि जब-जब कोई मौका आया, उसे कुचल दिया गया।

शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश और सेना का भी अपमान करने लगी है। यह बयान कांग्रेस की ओर से कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उठाए गए सवालों के जवाब में आया। उन्होंने कहा, आज का दिन भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और वीरता को नमन करने का दिन है। लेकिन अफसोस की बात है कि कांग्रेस ऐसे अवसरों पर भी राजनीति करने से नहीं चूकती।

'युद्ध देश के लिए होते हैं, सरकारों के लिए नहीं'
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2004 से 2009 तक जब यूपीए की सरकार थी, उस दौरान कारगिल विजय दिवस को मनाना तक जरूरी नहीं समझा गया। उन्होंने खुलासा किया कि कांग्रेस के एक सांसद ने यहां तक कहा कि हम क्यों मनाएं कारगिल विजय दिवस? ये युद्ध तो एनडीए सरकार के समय हुआ था।

शिवराज ने इस पर सवाल खड़ा किया- क्या देश किसी सरकार के लिए युद्ध करता है? क्या देश की सेनाएं किसी पार्टी के लिए लड़ती हैं? ऐसे बयान क्या देशभक्ति की मिसाल हैं?

ऑपरेशन सिंदूर पर भी कांग्रेस के रुख को बताया 'राष्ट्र विरोधी'
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के नेताओं द्वारा हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर (पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में सेना की कार्रवाई) पर सवाल उठाने को लेकर भी नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा, जब हमारी सेना सर्जिकल स्ट्राइक या स्पेशल ऑपरेशन करती है, तब कांग्रेस उन्हें भी शक की नजर से देखती है। ये वही सोच है, जिसे पाकिस्तान दुनिया के सामने उदाहरण बनाकर पेश करता है।

ओबीसी को लेकर राहुल गांधी पर तंज
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हर बार बहुत देर से समझते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले आपातकाल के लिए माफी मांगी। फिर 1984 सिख दंगों के लिए। फिर राफेल के आरोपों पर कोर्ट में माफी मांगी। और अब ओबीसी समाज से माफी मांग ली।

शिवराज ने पूछा, कांग्रेस बताए कि उन्होंने ओबीसी समाज के लिए किया क्या है? मंडल आयोग की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में किसने डाला था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ओबीसी कल्याण की कोशिशों को रोका और बाद में माफी मांगने का नाटक करती है।