राजस्थान के भीलवाड़ा में युवक की पीट-पीटकर हत्या से भड़का माहौल, हिंदू संगठनों ने दी चेतावनी
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में सड़क हादसे के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या से माहौल तनावपूर्ण हो गया। हिंदू संगठनों ने मोहर्रम पर रोक लगाने की चेतावनी दी। पढ़ें पूरी खबर।
राजस्थान के भीलवाड़ा ज़िले के अति संवेदनशील कस्बे जहाजपुर (Jahazpur, Bhilwara) में शुक्रवार शाम को एक युवक की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। एक मामूली सड़क दुर्घटना ने ऐसा तूल पकड़ा कि भीड़ ने कार सवार युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हिंदू संगठनों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
हादसा कैसे हुआ?
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम टोंक शहर के चार युवक कार से जहाजपुर आए थे। कस्बे में उनकी कार का संतुलन बिगड़ने से वह एक आलू-प्याज बेचने वाले ठेले से टकरा गई। इस पर समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने कार सवारों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और गुस्साई भीड़ ने युवक सीताराम को बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई।
विरोध और प्रदर्शन
इस हत्या से हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग जहाजपुर थाने के बाहर इकट्ठा हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के विभाग मंत्री विजय ओझा ने कहा कि “सकल हिंदू समाज में भारी रोष है और प्रशासन अगर तुरंत कार्रवाई नहीं करता तो जिले में मोहर्रम के ताजिए नहीं निकलने देंगे।”
मंदिर उत्सव स्थगित
जहाजपुर के ऐतिहासिक किले स्थित भगवान पीतांबर राय महाराज मंदिर का जलझूलनी उत्सव, जो पिछले 10 महीनों से प्रस्तावित था, इस घटना के विरोध में अनिश्चितकालीन स्थगित कर दिया गया है।
प्रशासन अलर्ट
घटना की सूचना पर एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव, विधायक गोपीचंद मीणा, और डीएसपी नरेंद्र पारीक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसपी यादव ने कहा कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल जहाजपुर में धारा 144 जैसे सुरक्षा इंतज़ाम और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




