शादी टूटने के बाद स्मृति मंधाना का बड़ा फैसला, सोशल मीडिया से पलाश मुछाल को किया पूरी तरह बाहर

Smriti Mandhana और Palash Muchhal ने शादी टूटने का एलान किया। इसके बाद भारतीय महिला टीम की उपकप्तान ने पलाश और पलक मुछाल को सोशल मीडिया से अनफॉलो कर सभी तस्वीरें भी डिलीट कर दीं।

शादी टूटने के बाद स्मृति मंधाना का बड़ा फैसला, सोशल मीडिया से पलाश मुछाल को किया पूरी तरह बाहर
Smriti Mandhana and Palash Muchha

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने निजी जिंदगी में आए बड़े बदलाव के बाद एक अहम कदम उठाते हुए म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल से जुड़ा हर डिजिटल संबंध खत्म कर दिया है। शादी टूटने की आधिकारिक घोषणा के कुछ ही घंटों बाद मंधाना ने पलाश को इंस्टाग्राम से अनफॉलो कर दिया, साथ ही अपनी प्रोफाइल से दोनों की सभी तस्वीरें भी हटा दीं। इस फैसले को सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते के पूरे अध्याय के खत्म होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

इंस्टाग्राम पोस्ट से हुआ रिश्ते के अंत का ऐलान
रविवार को स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल ने एक साझा पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है। दोनों ने अपने-अपने संदेश में साफ किया कि वे एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखते हैं, लेकिन अब अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ना चाहते हैं। इस घोषणा के बाद फैंस के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं थी, क्योंकि कुछ हफ्ते पहले तक दोनों की शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं।

शादी टलने के बाद बदली पूरी तस्वीर
दरअसल, मंधाना और पलाश 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में सात फेरे लेने वाले थे। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले ही स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके चलते यह शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई थी। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं, जो अब पूरी तरह सच साबित हो गईं।

डिजिटल दुनिया में भी खत्म हुआ हर रिश्ता
शादी टूटने के बाद स्मृति मंधाना ने सिर्फ पलाश मुछाल को ही नहीं, बल्कि उनकी बहन और मशहूर सिंगर पलक मुछाल को भी इंस्टाग्राम से अनफॉलो कर दिया है। यह कदम साफ दिखाता है कि मंधाना अब इस रिश्ते से जुड़ी हर स्मृति से खुद को पूरी तरह अलग करना चाहती हैं। सोशल मीडिया पर इस फैसले को लेकर जमकर चर्चाएं हो रही हैं और फैंस दोनों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।