सुकमा IED ब्लास्ट: नक्सली हमले में ASP आकाश राव गिरिपंजे शहीद, कई जवान घायल
छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में ASP आकाश राव गिरिपंजे शहीद हो गए। प्रेशर IED ब्लास्ट में कई जवान घायल, क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। सोमवार सुबह कोंटा-एर्राबोरा मार्ग पर स्थित डोंड्रा गांव के पास हुए प्रेशर IED विस्फोट में कोंटा संभाग के ASP आकाश राव गिरिपंजे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नक्सली भारत बंद से पहले सक्रिय
यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब CPI (Maoist) द्वारा 10 जून को भारत बंद का आह्वान किया गया है। बस्तर रेंज के IG पी सुंदरराज ने बताया कि ASP गिरिपंजे इलाके में पैदल गश्त ड्यूटी पर थे ताकि बंद के दौरान किसी भी नक्सली वारदात को रोका जा सके।

घायल जवानों का इलाज जारी
घटना में कोंटा थाना प्रभारी (TI), एसडीपीओ, और अन्य कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी को कोंटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कुछ की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सुकमा SP किरण चौहान ने बताया कि हमले के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं ताकि हमलावर नक्सलियों की तलाश की जा सके।
एक बार फिर उजागर हुई नक्सली हिंसा की सच्चाई
यह हमला दिखाता है कि किस तरह नक्सली अब भी छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बनाए हुए हैं। हर बार की तरह इस बार भी वे सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से आईईडी जैसे खतरनाक हथियार का इस्तेमाल कर रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




