अब बिना आधार के नहीं मिलेगा 'तत्काल टिकट', जानें नया नियम

भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव करते हुए आधार सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। यह नियम 1 जुलाई 2025 से लागू होगा, जिससे फर्जी आईडी से टिकट बुकिंग पर रोक लगेगी।

अब बिना आधार के नहीं मिलेगा 'तत्काल टिकट', जानें नया नियम
प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब बिना आधार कार्ड सत्यापन के तत्काल टिकट बुकिंग संभव नहीं होगी। यह नया नियम 1 जुलाई 2025 से लागू होगा।

रेल मंत्रालय के सर्कुलर के अनुसार, यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि वास्तविक यात्रियों को कन्फर्म टिकट प्राप्त हो सके और फर्जी आईडी का इस्तेमाल रोका जा सके।

आधार सत्यापन और OTP प्रक्रिया का प्रावधान
- 1 जुलाई 2025 से केवल आधार सत्यापित IRCTC यूजर्स ही तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे।
- 15 जुलाई 2025 से Tatkal टिकट बुकिंग के लिए आधार-आधारित OTP प्रमाणीकरण भी अनिवार्य कर दिया जाएगा।

एजेंट्स पर पाबंदी
रेलवे एजेंट अब तत्काल टिकट बुकिंग के समय शुरुआती 30 मिनट तक टिकट नहीं बुक कर पाएंगे।
- AC क्लास: सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक।
- नॉन-AC क्लास: सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक।

रेलवे के फैसले का उद्देश्य
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बदलाव के फायदे गिनाते हुए कहा कि यह प्रक्रिया असली यात्रियों को कन्फर्म टिकट दिलाने में मदद करेगी। IRCTC के अनुसार, देश में 13 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं, लेकिन इनमें से केवल 10% ही आधार वेरिफाइड हैं।

IRCTC ने ब्लॉक की 3.5 करोड़ फर्जी आईडी
पिछले एक साल में IRCTC ने 3.5 करोड़ फर्जी यूजर आईडी ब्लॉक की हैं। फर्जी आईडी के कारण Tatkal Ticket बुकिंग प्रक्रिया में गड़बड़ियां सामने आई थीं।