ट्रंप का आदेश: मास्क वाले प्रदर्शनकारी होंगे गिरफ्तार, क्यों जल रहा है लॉस एंजिल्स?
अमेरिका में ट्रंप ने मास्क पहने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। लॉस एंजिल्स में विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बीच ट्रंप ने 2000 सैनिक तैनात किए हैं। कैलिफोर्निया सरकार ने इसका विरोध किया है। जानिए पूरी खबर।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों और आव्रजन कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदर्शन के दौरान मास्क पहनने वाले सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उनके अनुसार, मास्क पहनना हिंसा और पहचान छिपाने का जरिया बन गया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "Truth Social" पर लिखा, चेहरे पर मास्क पहने लोगों को तुरंत गिरफ्तार करें। अब से किसी भी प्रदर्शन में मास्क पहनने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हालांकि कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का आदेश संघीय स्तर पर संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है और यह स्पष्ट नहीं है कि व्हाइट हाउस के पास इसकी वैधानिक शक्ति है या नहीं।
तनाव और हिंसा का माहौल
लॉस एंजिल्स में बीते कुछ दिनों से अवैध प्रवासियों के खिलाफ छापेमारी और आव्रजन कानूनों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में कई जगहों पर हिंसा, आगजनी और पुलिस के साथ झड़पें देखने को मिली हैं। प्रदर्शनकारी अपनी पहचान छिपाने और आंसू गैस व धुएं से बचाव के लिए मास्क पहन रहे हैं, लेकिन ट्रंप प्रशासन इसे सुरक्षा खतरा मान रहा है।
2000 सैनिकों की तैनाती
ट्रंप ने रविवार को राज्य सरकार की आपत्ति के बावजूद लॉस एंजिल्स की सड़कों पर 2000 नेशनल गार्ड सैनिक तैनात कर दिए। इस कदम की कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने कड़ी आलोचना की और कहा कि उन्होंने इस तैनाती को रद्द करने का औपचारिक अनुरोध किया है। न्यूसोम ने इसे "राज्य संप्रभुता का उल्लंघन" करार दिया और कहा कि यह निर्णय स्थानीय प्रशासन और नागरिक स्वतंत्रता के खिलाफ है।
प्रदर्शनकारियों को चेतावनी
ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, अगर कोई पुलिस अधिकारियों या सैनिकों पर थूकता है या हमला करता है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि लॉस एंजिल्स पर अवैध प्रवासियों और अपराधियों का कब्जा हो गया है और यह भीड़ फेडरल एजेंट्स पर हमला कर रही है। ट्रंप ने कहा कि ये अराजक दंगे हमारे देश के कानून को नहीं हरा सकते, बल्कि हमारे संकल्प को और मजबूत करते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




