2 घंटे में मिला 3 लाख रुपये के जेवरात से भरा खोया बैग, पुलिस की सतर्कता से महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Varanasi News: भोजूबीर सब्जी मंडी से बस स्टैंड के बीच ऑटो में भूला तीन लाख रुपये का बैग कमांड सेंटर सिगरा की मदद से महज दो घंटे में बरामद। CCTV और ANPR तकनीक से वाराणसी पुलिस की बड़ी सफलता।

2 घंटे में मिला 3 लाख रुपये के जेवरात से भरा खोया बैग,  पुलिस की सतर्कता से महिला के चेहरे पर लौटी  मुस्कान

वाराणसी की रहने वाली एक महिला के लिए 29 दिसंबर 2025 का दिन चिंता और राहत दोनों लेकर आया। महिला भोजूबीर सब्जी मंडी से ऑटो में बैठकर बस स्टैंड पहुंची थी, लेकिन उतरते समय वह अपना बैग ऑटो में ही भूल गई। कुछ ही देर बाद जब उसे अपनी भूल का एहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि बैग में कीमती जेवरात रखे हुए थे।

बैग के अंदर एक सेट झुमका, दो पीस सोने की चेन, दो पीस अंगूठी और चार सेट चांदी के पायल समेत अन्य कीमती सामान रखा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई। महिला ने तत्काल इस घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामला कमांड सेंटर सिगरा के संज्ञान में लाया गया।

CCTV और ANPR तकनीक से ऑटो की सटीक पहचान
सिगरा पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। भोजूबीर सब्जी मंडी से लेकर बस स्टैंड तक लगे दर्जनों लोकेशन कैमरों और एएनपीआर तकनीक की मदद से ऑटो की पहचान की गई। लगातार मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए महज दो घंटे के भीतर ऑटो को ट्रेस कर लिया गया।

पुलिस की तत्परता से दो घंटे में लौटी खुशियां
पुलिस टीम ने ऑटो चालक से संपर्क कर बैग को सुरक्षित बरामद किया और उसमें मौजूद सभी उपयुक्त सामान महिला को सकुशल सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने वाराणसी पुलिस और कमांड सेंटर सिगरा की तत्परता, ईमानदारी और पेशेवर कार्यशैली की खुले दिल से प्रशंसा की।

कमांड सेंटर सिगरा की टीम बनी भरोसे की मिसाल
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में कमांड सेंटर सिगरा के प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश सिंह के साथ हेड कांस्टेबल अनुपम सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र कुमार और कांस्टेबल ओम प्रकाश साहू शामिल रहे। वाराणसी पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि तकनीक और जिम्मेदारी के सही तालमेल से आम नागरिकों को त्वरित न्याय और सहायता मिल सकती है।