वाराणसी पुलिस का बड़ा फैसला: आयुक्त खुद सुनेंगे जनता की शिकायतें, इस नंबर पर करें कॉल
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल अब प्रतिदिन दोपहर 12 से 1 बजे तक नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। आमजन भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों और जनसमस्याओं की शिकायत कॉल या व्हाट्सएप के जरिए कर सकते हैं।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। इसके तहत वह प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक मोबाइल नंबर 9670705555 पर स्वयं नागरिकों से संवाद करेंगे, ताकि जनता और पुलिस के बीच भरोसे का सेतु और मजबूत हो सके।
इस निर्धारित समयावधि में नागरिक बेझिझक पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही किसी भी प्रकार की अनुचित मांग, भ्रष्टाचार अथवा जनपद में संचालित अवैध गतिविधियों की जानकारी साझा कर सकते हैं। वेश्यावृत्ति, हुक्काबार, जुआ, सट्टा, अवैध वाहन स्टैंड जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सूचना देने के लिए यह मंच आमजन को निर्भीक वातावरण प्रदान करता है।
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह भी व्यवस्था की है कि जो लोग कॉल के माध्यम से बात नहीं कर पाते, वे अपनी शिकायतें या सुझाव व्हाट्सएप मैसेज के जरिए भी उसी मोबाइल नंबर पर भेज सकते हैं। इससे हर वर्ग के लोगों को अपनी बात रखने का समान अवसर मिलेगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। इससे नागरिक बिना किसी भय या दबाव के अपनी समस्याएं और सूचनाएं साझा कर सकेंगे और पुलिस प्रशासन को जमीनी स्तर की सच्ची तस्वीर भी मिल सकेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




