अगले 4 दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर रहेगा जारी, जानें क्यों...

अगले 4 दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर रहेगा जारी, जानें क्यों...

पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के प्रकोप से राज्य में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। उत्तरी पछुआ हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है।दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा के कारण वातावरण ठंडा बना हुआ है, इसी वजह से प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट भी जारी है। कई जिलों में कोल्ड डे के हालात भी बने हुए हैं।बिहार के साथ ही देश के उत्तरी हिस्सों में भी कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत उत्तर भारत में अगले 4 दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर जारी रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 18 जनवरी से स्थिति और बिगड़ेगी। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी से पूर्वोत्तर भारत को प्रभावित करेगा। इससे राजस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा रहेगा, वही दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। बिहार में भी इसका असर होगा। मौसम विभाग की मानें तो  राज्य में 20 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी। सुबह में कहीं-कहीं घना कुहासा छाया रहेगा।राज्य में रविवार को दिनभर सर्द हवाओं के प्रभाव से कनकनी बनी रही। गया में दिनभर कोल्ड डे जैसे हालात थे। वहां पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने दिनभर ठंड महसूस की। पटना में सुबह जहां हल्का कोहरा छाया रहा, वहीं दिन चढ़ने के बाद मौसम साफ हुआ लेकिन हवा की रफ्तार तेज होने के कारण धूप में भी ठंड का एहसास बना रहा। पटना के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बिहार में गोपालगंज सबसे ठंडा रहा जहां का न्यूनतम पारा 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गया का न्यूनतम पारा 11.6 रहा लेकिन अधिकतम पारा 18 डिग्री रहा न्यूनतम और अधिकतम पारे के बीच में कमी की वजह से वहां दिन भर ठंड का एहसास होता रहा। पटना का न्यूनतम पारा 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम पारा भी करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस गिरकर 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई।