पहलगाम आतंकी हमला: ट्रंप, पुतिन, नेतन्याहू और विश्वभर के अनेक नेताओं ने आतंकवादी हमले की निंदा की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनियाभर के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। इस हमले में 26 लोग मारे गए हैं।

पहलगाम आतंकी हमला: ट्रंप, पुतिन, नेतन्याहू और विश्वभर के अनेक नेताओं ने आतंकवादी हमले की निंदा की
US President Donald Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनियाभर के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। इस हमले में 26 लोग मारे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत में ट्रंप ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की तथा इस ‘‘जघन्य हमले’’ के दोषियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए भारत को पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।

कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद बुधवार सुबह सऊदी अरब से लौटने पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ हवाई अड्डे पर बैठक की और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद थे।