अहमदाबाद को मिली 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, भारत बड़े आयोजन के लिए तैयार

अहमदाबाद को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिल गई है। भारत के लिए ये आयोजन ऐतिहासिक होगा क्योंकि 2030 में CWG के 100 साल पूरे होंगे। जानें क्यों चुना गया अहमदाबाद और कैसी होगी भारत की तैयारी।

अहमदाबाद को मिली 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, भारत बड़े आयोजन के लिए तैयार

अहमदाबाद ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अपने नाम कर ली है, जिससे भारत एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी आयोजन क्षमता साबित करने की तैयारी में है। कॉमनवेल्थ गेम्स के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि अगला दशक खत्म होते-होते ये भव्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन भारत की धरती पर लौटेगा। अहमदाबाद का चयन मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, तैयार प्रशासनिक व्यवस्था और कॉमनवेल्थ मूल्यों के साथ इसके सामंजस्य की वजह से हुआ है।

सदी के सबसे खास कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी
यह आयोजन भारत के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स इन खेलों के 100 साल पूरे होने का अवसर भी होंगे। इन खेलों का पहला संस्करण 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में हुआ था और अब सदी पूरा होने पर इसकी मेजबानी भारत जैसे उभरते खेल राष्ट्र को मिलना एक बड़ा ऐतिहासिक पड़ाव माना जा रहा है। इससे पहले 2026 में CWG का आयोजन ग्लास्गो में होगा, जिसके बाद वैश्विक नजरें सीधा भारत की ओर मुड़ेंगी।

2010 की सफलता और 2030 की उम्मीदें
भारत के प्रदर्शन की बात करें तो 2010 दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स अभी भी लोगों की याद में ताज़ा हैं, जब भारत ने रिकॉर्ड 101 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। तब भारत दूसरे स्थान पर रहा था और उसने 38 गोल्ड, 27 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए थे। 2030 के अहमदाबाद गेम्स में देश के खिलाड़ियों से उम्मीदें इससे भी आगे बढ़ने की हैं।