सेना ने पाकिस्तान को दिया सटीक जवाब, पुंछ में बोले अमित शाह, कहा- जम्मू-कश्मीर का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा

गृह मंत्री अमित शाह ने पुंछ में गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई का जिक्र किया और जम्मू-कश्मीर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

सेना ने पाकिस्तान को दिया सटीक जवाब, पुंछ में बोले अमित शाह, कहा- जम्मू-कश्मीर का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा
Amit Shah in Poonch

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि भारत सरकार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरे देश की जनता उनके साथ खड़ी है। अमित शाह ने इस दौरान कहा कि पाकिस्तान द्वारा निर्दोष नागरिकों और धार्मिक स्थलों पर हमला करना कायराना कृत्य है। उन्होंने कहा, मुआवजा और सरकारी नौकरियां इस क्षति की भरपाई नहीं कर सकतीं, लेकिन यह देश की ओर से आपके साथ एकजुटता का प्रतीक है।

पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई
गृह मंत्री ने बताया कि 7 तारीख को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा, यह पहली बार हुआ है जब भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के सीमा के अंदर जाकर आतंकवादी संगठनों के हेडक्वार्टर को नष्ट किया। इस कार्रवाई में सैकड़ों आतंकवादी मारे गए।

पाकिस्तान द्वारा भारत के रिहायशी इलाकों पर की गई गोलाबारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने इसका भी सटीक जवाब दिया और पाकिस्तान के 9 हवाई अड्डों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

भारत की सुरक्षा नीति और विकास की प्रतिबद्धता
अमित शाह ने कहा, भारत की सुरक्षा नीति स्पष्ट है कि देश की सीमा, सेना, और नागरिकों पर कोई भी हमला सहन नहीं किया जाएगा। भारतीय सेना ने अपनी ताकत और सटीकता का प्रदर्शन करके दुनिया को यह संदेश दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि पुंछ में हुए नुकसान के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार और भारत सरकार ने सहायता की है। साथ ही, व्यापारिक क्षति के लिए जल्द ही केंद्र सरकार विशेष पैकेज की घोषणा करेगी।

जम्मू-कश्मीर के विकास पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं आएगी। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर का विकास रुकेगा नहीं, बल्कि और तेजी से आगे बढ़ेगा।