दिल्ली के बाद बेंगलुरु में 40 स्कूलों को ‘Bomb Threat’ ईमेल, बच्चों में दहशत; पुलिस जांच में जुटी

बेंगलुरु में शुक्रवार सुबह 40 स्कूलों को एक जैसे धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें क्लासरूम्स में बम लगाने की बात कही गई। बच्चों और पैरेंट्स में दहशत का माहौल, पुलिस जांच में जुटी। जानिए पूरी खबर।

दिल्ली के बाद बेंगलुरु में 40 स्कूलों को ‘Bomb Threat’ ईमेल, बच्चों में दहशत; पुलिस जांच में जुटी
प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के स्कूलों को पिछले हफ्ते मिले बम धमकी ईमेल के बाद अब बेंगलुरु (Bengaluru) के स्कूलों में भी शुक्रवार सुबह (18 जुलाई) को अफरा-तफरी मच गई। शहर के करीब 40 स्कूलों को एक जैसे खौफनाक ईमेल मिले, जिनमें स्कूल की क्लासरूम्स में बम होने की बात लिखी गई थी।

इन ईमेल्स का सब्जेक्ट था – “Bombs inside the school”, और मेल भेजने वाले ने अपना नाम ‘Road Kill’ बताया। ईमेल में लिखा गया कि उसने स्कूल के क्लासरूम्स में कई बम लगाए हैं, जिन्हें काले प्लास्टिक बैग में छिपाया गया है।

ईमेल में भेजने वाले ने बेहद डरावनी भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा, मैं तुम सबको इस दुनिया से मिटा दूंगा। कोई नहीं बचेगा। मैं हंसते हुए न्यूज देखूंगा, जहां माता-पिता अपने बच्चों की लाशें स्कूल में पड़ी देखेंगे।

उसने अपने डिप्रेशन और मानसिक स्थिति का भी ज़िक्र किया और मनोचिकित्सकों (Psychiatrists) पर गुस्सा जाहिर किया। उसने कहा कि यह मेल मीडिया तक जरूर पहुंचना चाहिए।

स्कूलों में हड़कंप, बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला गया
ईमेल मिलते ही सभी स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और लोकल पुलिस की टीमें स्कूलों में पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है। शुक्रवार दोपहर तक किसी भी स्कूल से कोई बम नहीं मिला। हालांकि पुलिस का कहना है कि जब तक सभी स्कूलों की पूरी जांच नहीं हो जाती, इसे अफवाह मानना सही नहीं होगा। पुलिस सभी स्कूलों से औपचारिक शिकायतें ले रही है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

पढ़ें क्यों जरूरी है सतर्क रहना?
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की घटनाएं भले ही फर्जी निकले, लेकिन इन्हें हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस ने जो त्वरित कार्रवाई की, वह सराहनीय है।