बिहार विधानसभा चुनाव 2025: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर तकरार! लालू-कांग्रेस आमने-सामने, तेजस्वी-राहुल बैठक पर टिकी नजरें
Bihar Assembly Election 2025 से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा विवाद। लालू यादव कांग्रेस को 50 से अधिक सीटें देने के खिलाफ, राहुल गांधी-तेजस्वी यादव की संभावित मुलाकात पर सियासी निगाहें।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन (Mahagathbandhan) में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा गतिरोध सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद यादव कांग्रेस को 50 से अधिक सीटें देने के पक्ष में नहीं हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व कम से कम 60–65 सीटों पर दावा ठोक रही है। इस वजह से दोनों दलों के बीच तनातनी गहराती जा रही है।
इसी बीच कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह को इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी दी है। अखिलेश सिंह लगातार लालू प्रसाद यादव से संपर्क में हैं और सीटों के फॉर्मूले पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
लालू-राहुल मुलाकात की तैयारी, सीट फार्मूले पर हो सकती है डील
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश प्रसाद सिंह ने बीती शाम लालू यादव से मुलाकात की थी और आज एक बार फिर बैठक होने की संभावना है। वहीं, तेजस्वी यादव आज शाम दिल्ली रवाना हो सकते हैं, जहां उनकी राहुल गांधी से मुलाकात तय मानी जा रही है।
इस मीटिंग में आगामी चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान और सीट बंटवारे पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
2020 का फार्मूला और 2025 का नया समीकरण
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के अंतर्गत सीटों का वितरण इस प्रकार हुआ था —
राजद (RJD) – 144 सीटें
कांग्रेस (INC) – 70 सीटें
CPI(ML) – 19 सीटें
CPI – 6 सीटें
CPM – 4 सीटें
उस समय मुकेश सहनी (Vikassheel Insaan Party) सीट बंटवारे से असंतुष्ट होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर निकल गए थे और एनडीए में शामिल हो गए थे, जहां भाजपा ने उन्हें 11 सीटें दी थीं।
अब स्थिति बिल्कुल उलट है — मुकेश सहनी फिर महागठबंधन का हिस्सा हैं, और इस बार उन्हें 16 सीटों का प्रस्ताव मिला है।
राजद का नया फॉर्मूला- '138 सीटें खुद, बाकी में साझेदारी'
सूत्रों के अनुसार, राजद ने 138 सीटों पर खुद चुनाव लड़ने का मन बनाया है, यानी 2020 के मुकाबले 6 सीटें कम। कांग्रेस की हिस्सेदारी 70 से घटाकर 57 सीटें करने की बात चल रही है।
वहीं, CPI-ML को 19 से घटाकर 18 सीटें दी जा सकती हैं। CPI और CPM को क्रमशः 6 और 4 सीटें मिलने की संभावना है। बाकी बची 4 सीटों में से 2 झामुमो (JMM) और 2 आरएलजेपी (RLJP) को दी जा सकती हैं।
लालू का बड़ा प्रस्ताव — 'पारस करें विलय, तभी गठबंधन में जगह'
सूत्र बताते हैं कि लालू यादव ने पशुपति कुमार पारस को गठबंधन में शामिल होने के लिए कहा है कि वे अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) का राजद में विलय करें।
पारस अपने बेटे के लिए सीट चाहते हैं, लेकिन जिस सीट पर वह नजरें गड़ाए हैं, वहां इस समय राजद विधायक रामवृक्ष सदा प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिससे मामला पेचीदा बन गया है।
दिल्ली में आज हो सकती है डील या ब्रेक!
तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की संभावित बैठक को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर गर्म है। अगर सीट फॉर्मूले पर सहमति नहीं बनती, तो महागठबंधन में फूट पड़ने का खतरा भी जताया जा रहा है।
हालांकि सूत्रों का कहना है कि दोनों दल चुनाव से पहले “सेटिंग फॉर्मूला” निकालने के पक्ष में हैं, ताकि भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर मैदान में उतरा जा सके।


आँखें न्यूज़ 24 




