राघोपुर में तेज प्रताप का ‘तेजस्वी’ वार! बोले – हरे झंडे वाली फर्जी पार्टी से सावधान रहें, असली लालू यादव की पार्टी है जनशक्ति जनता दल
राघोपुर में तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी प्रेम कुमार के समर्थन में जनसभा कर तेजस्वी यादव पर बोला हमला, कहा – जनता ही असली ताकत।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच राघोपुर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। जहां एक ओर आरजेडी के उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी उसी मैदान में अपने प्रत्याशी प्रेम कुमार के लिए मोर्चा संभाल लिया है।
सोमवार, 3 नवंबर को तेज प्रताप यादव ने राघोपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच से उन्होंने आरजेडी और अपने छोटे भाई पर जमकर निशाना साधा। तेज प्रताप ने कहा कि बहरूपियों के चक्कर में नहीं पड़ना है, हरे झंडे वाली पार्टी नकली है। असली लालू यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल है।
'जनता ही पार्टी बनाती है, जनता ही सरकार चलाती है'
तेज प्रताप यादव ने कहा कि कुछ लोग जनता को भ्रमित कर रहे हैं और यह जताने की कोशिश में हैं कि पार्टी ही सबकुछ होती है। लेकिन असलियत यह है कि जनता ही असली ताकत है। उन्होंने कहा – पार्टी को जनता बनाती है और जनता ही उसे गिरा भी सकती है। सरकार भी जनता के भरोसे चलती है। इसलिए हमारा विश्वास जनता जनार्दन में है।
तेज प्रताप का सोशल मीडिया संदेश – राघोपुर में चल रही है JJD की लहर
तेज प्रताप ने अपने एक्स (Twitter) हैंडल पर भी पोस्ट करते हुए राघोपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा – राघोपुर विधानसभा में जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार प्रेम कुमार जी के समर्थन में आयोजित जनसभा में जनता की अपार भीड़ साबित करती है कि राघोपुर में अब जनशक्ति जनता दल की लहर चल रही है।
उन्होंने आगे कहा – महुआ और राघोपुर दोनों मेरे परिवार जैसे हैं। मैं वादा करता हूं कि यहां की सभी बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता दूंगा। आने वाले 6 नवंबर को ‘ब्लैकबोर्ड’ चुनाव चिह्न पर वोट देकर प्रेम कुमार को भारी मतों से विजयी बनाएं।
राघोपुर में भाई बनाम भाई की टक्कर
राघोपुर विधानसभा इस बार भाई बनाम भाई की लड़ाई का मैदान बन गया है। जहां तेजस्वी यादव आरजेडी के कद्दावर नेता के रूप में उतरे हैं, वहीं तेज प्रताप अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के जरिए इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि राघोपुर की यह जंग इस बार सिर्फ सीट की नहीं, बल्कि यादव परिवार की साख की लड़ाई भी है।
तेज प्रताप का संदेश – 'जनता मालिक है, बदलाव तय है'
तेज प्रताप यादव ने सभा के अंत में कहा कि राघोपुर की जनता ने जो स्नेह और समर्थन दिया है, वह इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा – अबकी बार जनता मालिक खुद फैसला करेगी कि कौन सच में जनता के लिए काम करता है और कौन सिर्फ नाम के लिए।


आँखें न्यूज़ 24 




