बिहार चुनाव रिज़ल्ट आज, सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती, सत्ता किसके हाथ जाएगी?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आज सुबह 8 बजे से आने शुरू हो जाएंगे। EVMs स्ट्रॉन्ग रूम से निकाल ली गई हैं और पूरे राज्य में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जानें—NDA, महागठबंधन, PK, AIMIM और तेजप्रताप की पार्टियों के दावे, एग्जिट पोल की स्थिति और आज की बड़ी अपडेट।
बिहार की सियासत आज एक निर्णायक मोड़ पर पहुंचने वाली है। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना के साथ ही यह साफ होने लगेगा कि इस बार जनता ने किस दल पर भरोसा जताया है। सभी जिलों में स्ट्रॉन्ग रूम से EVMs निकालने की प्रक्रिया सुरक्षा घेरे में शुरू हो गई है और हर कदम पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
EVM से लेकर रिज़ल्ट तक पल-पल की अपडेट ऑनलाइन
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर हर जिले, हर विधानसभा सीट और हर राउंड की अपडेट लगातार उपलब्ध रहेगी। मतगणना आगे बढ़ते ही शुरुआती रुझान यह बताएंगे कि बिहार की सत्ता की कुर्सी किस ओर झुक रही है।
NDA और महागठबंधन — दोनों का दावा, दोनों का भरोसा
रिज़ल्ट आने से पहले ही एनडीए और महागठबंधन अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रहे हैं। एनडीए इसे सुशासन के लिए जनता का समर्थन बता रहा है, वहीं विपक्ष का कहना है कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है।
क्या नीतीश को मिलेगा पांचवां मौका?
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार को जनता एक और कार्यकाल देगी या फिर प्रदेश किसी नई राह पर चलेगा। निर्णायक स्थिति आज दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगी।
जेडीयू का बड़ा बयान — NDA वापसी तय!
रिज़ल्ट से ठीक पहले जेडीयू ने दावा किया है कि अगली सरकार एनडीए की ही बनेगी और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने भी कहा कि एग्जिट पोल से पहले ही जनता का मूड स्पष्ट था कि सरकार एनडीए की बनेगी।
PK, AIMIM, तेजप्रताप—सभी ने जताया बेहतर प्रदर्शन का भरोसा
प्रशांत किशोर ने अपनी जन सुराज पार्टी के मजबूत प्रदर्शन का दावा किया है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सीमांचल में जीत को लेकर आश्वस्त हैं, वहीं तेजप्रताप यादव भी अपनी नई पार्टी के दहाई अंक तक पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
एग्ज़िट पोल का संकेत—क्या फिर NDA?
लगभग सभी एग्ज़िट पोल एनडीए सरकार की वापसी दिखा रहे हैं और महागठबंधन को एक बार फिर पीछे बताया गया है। हालांकि, चुनावी तस्वीर का असली फैसला EVM ही करेगी। कुछ ही घंटों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार में किसकी सरकार बनने जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




